बदइंतजामी के कारण महाकुंभ में हुई भगदड़, VIP कल्चर पर लगाम लगाए सरकार: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि अभी महाकुंभ का काफी समय बचा हुआ है, कई और महास्नान होने हैं। आज जैसी दुखद घटना आगे न हो इसके लिए सरकार को व्यवस्था में सुधार करना चाहिए।

नई दिल्ली। संगम नगरी प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान के लिए पहुंची भीड़ में भगदड़ मच गई। इसमें कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। भगदड़ के कारण कुंभ में हुई लोगों की मौत पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दुख जताया है। साथ ही उन्होंने इसके लिए बदइंतजामी और VIP कल्चर को जिम्मेदार ठहराया है।
राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ के कारण कई लोगों के मौत और कईयों के घायल होने की ख़बर अत्यंत दुखद है।शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। इस दुखद घटना के लिए कुप्रबंधन, बदइंतजामी और आम श्रद्धालुओं की जगह VIP मूवमेंट पर प्रशासन का विशेष ध्यान होना ज़िम्मेदार है।'
यह भी पढे़ं: केजरीवाल ने सबसे बड़ा शराब घोटाला किया, सिसोदिया इस घोटाले के आर्टिटेक्ट: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आगे लिखा, 'अभी महाकुंभ का काफी समय बचा हुआ है, कई और महास्नान होने हैं। आज जैसी दुखद घटना आगे न हो इसके लिए सरकार को व्यवस्था में सुधार करना चाहिए। VIP कल्चर पर लगाम लगनी चाहिए और सरकार को आम श्रद्धालुओं के जरूरतों की पूर्ति के लिए बेहतर इंतजाम करने चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से अनुरोध करता हूं कि पीड़ित परिवारों की मदद करें।'
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि महाकुंभ के दौरान, तीर्थराज संगम के तट पर हुई भगदड़ से कई लोगों की जान गई है और अनेकों लोगों के घायल होने का समाचार बेहद हृदयविदारक है। श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएँ और घायलों की शीघ्रातिशीघ्र स्वास्थ्य लाभ की हम कामना करते हैं। आधी अधूरी व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, प्रबंधन से ज़्यादा स्व प्रचार पर ध्यान देना और बदइंतज़ामी इसके के लिए ज़िम्मेदार है। हज़ारों करोड़ रुपए खर्च करने के बावजूद ऐसी व्यवस्था होना निंदनीय है।
खड़गे ने आगे कहा, 'अभी कई महत्वपूर्ण शाही स्नान बचे हैं, तो केंद्र और राज्य सरकारों को अब चेत जाना चाहिए, और व्यवस्था को सुधारना चाहिए ताकि आगे ऐसी अप्रिय घटनाएँ न हों। श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा व मूवमेंट आदि की व्यवस्था में विस्तार करना चाहिए और वीआईपी मूवमेंट पर लगाम लगानी चाहिए। यही हमारे साधु संत भी चाहते हैं। कांग्रेस के हमारे कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि पीड़ितों को हर संभव मदद करें।'
बता दें कि प्रयागराज महाकुंभ में देर रात मौनी अमावस्या पर श्रद्धालु की भारी भीड़ उमड़ने से देर रात त्रिवेणी पर भगदड़ मच गई। इसमें महिलाओं समेत 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई जबकि 50 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हैं। हालांकि मेला प्रशासन ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। मेलास्थल की तस्वीरें और वीडियोज में महिलाओं की चप्पलें और सामान बिखरा हुआ नजर आ रहा है।