हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का निधन, कांग्रेस में शोक की लहर

हिमाचल प्रदेश के 6 बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं वीरभद्र सिंह, इसी साल जनवरी में उन्होंने चुनावी राजनीति से सन्यास लेने का ऐलान किया था

Updated: Jul 08, 2021, 04:12 AM IST

Photo Courtesy: Deccan Herald
Photo Courtesy: Deccan Herald

शिमला। कांग्रेस के दिग्गज नेता और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आज तड़के निधन हो गया। सिंह ने 87 साल की उम्र में शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में अंतिम सांसें ली। हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ जनक राज ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि सिंह का अस्पताल में सुबह करीब चार बजे मल्टी-ऑर्गन फेल्योर के कारण निधन हो गया।'

वीरभद्र सिंह के निधन से कांग्रेस पार्टी और हिमाचल प्रदेश के सियासी गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'राजनीति में विशालकाय पर्वतों सा कद रखने वाले व देवभूमि हिमाचल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री वीरभद्र सिंह जी के निधन से हम सबको एक अपूर्णीय क्षति हुई है।ईश्वर श्री वीरभद्र सिंह जी को श्रीचरणों में स्थान दें। विनम्र श्रद्धांजलि।' 

मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया, 'वीरभद्र सिंह जी के निधन से हिमाचल प्रदेश की राजनीति का एक युग समाप्त हो गया। जन-जन से जुड़े हुए वे एक ज़मीनी राजनेता थे, उनका जाना कॉंग्रेस के लिए एक क्षति है। परिवार जनों को हमारी संवेदनाएँ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। ॐ शांति ॐ शान्ति ॐ शांति।' 

जानकारी के मुताबिक पिछले तीन महीनों में वे दो बार कोरोना वायरस के चपेट में आ गए थे। वह कोरोना से ठीक भी हो गए थे। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बेफ उनकी तबियत फिर से बिगड़ गई और आईजीएमसी में उन्हें भर्ती कराया गया। अस्पताल में दो दिनों से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। वे 12 अप्रैल और 11 जून को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे और इसके बाद उनकी तबियत खराब रहने लगी।

वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश के 6 बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वह नौ बार विधायक और पांच बार सांसद चुने गए। वर्तमान में वह सोलन जिले के अरकी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह भी शिमला ग्रामीण से विधायक हैं। वीरभद्र सिंह ने हाल ही में कहा था कि मैं कांग्रेसी हूं और मरते दम तक कांग्रेसी रहूंगा।