ISSF वर्ल्ड चैंपियन में सम्राट राणा ने रचा इतिहास, भारत को पिस्टल इवेंट में दिलाया पहला गोल्ड
भारतीय निशानेबाज सम्राट राणा ने काहिरा में आयोजित ISSF विश्व चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। 20 वर्षीय सम्राट पहले भारतीय पिस्टल शूटर बने जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
काहिरा। भारत के युवा निशानेबाज सम्राट राणा ने सोमवार को मिस्र की राजधानी काहिरा में चल रही ISSF विश्व चैंपियनशिप में इतिहास रच दिया है। 20 वर्षीय सम्राट ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को विश्व पटल पर गौरवान्वित महसूस कराया। इसी के साथ वह विश्व चैंपियनशिप में पिस्टल इवेंट में गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय निशानेबाज बन गए हैं।
हरियाणा के करनाल के रहने वाले सम्राट ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 243.7 अंक हासिल किए और चीन के हू काई को महज 0.4 अंकों के अंतर से पीछे छोड़ दिया। हू काई ने 243.3 का स्कोर कर रजत पदक जीता। मुकाबले के दौरान कई बार लीड बदलती रही थी। लेकिन सम्राट ने दबाव के बावजूद संयम बनाए रखा और आखिरी शॉट में जीत पर निशाना साध दिया।
यह भी पढ़ें:कटनी कलेक्टर का अजीबोगरीब कारनामा, 300 रुपए में तीन गांवों का रास्ता ठेकदार को दिया
जीत के बाद सम्राट राणा ने भावुक होकर कहा, “मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा है। यह जगह मेरे लिए लकी है क्योंकि 2022 में यहीं काहिरा में मैंने जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में दो मेडल जीते थे। मैं बस हर शॉट पर फोकस कर रहा था और अपने प्रोसेस पर भरोसा रख रहा था।” सम्राट की कोचिंग 2018 से उनके पिता कर रहे हैं। उन्होंने इस साल की शुरुआत में ISSF वर्ल्ड कप फाइनल में जगह बनाने से मामूली अंतर से चूक गए थे। लेकिन इस बार उन्होंने अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया। उन्होंने कहा, “मैंने खुद से कहा कि शांत रहो और बस अपने प्रोसेस पर भरोसा रखो। अब सब कुछ हकीकत जैसा लग रहा है”।
सम्राट की जीत के साथ ही भारत ने अब तक तीन स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य पदक जीत लिए हैं। इस प्रदर्शन के दम पर भारत मेडल टैली में पांचवें स्थान से छलांग लगाकर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, चीन छह स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदकों के साथ शीर्ष स्थान पर बना हुआ है।
यह भी पढ़ें:बेहद अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना, धर्मेंद्र के निधन संबंधी रिपोर्ट्स पर भड़कीं हेमा मालिनी
फाइनल में भारत के लिए एक और बड़ी खुशखबरी आई जब उत्तर प्रदेश के बागपत के रहने वाले वरुण तोमर ने 221.7 के स्कोर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। वरुण ओलंपिक निशानेबाज सौरभ चौधरी के चचेरे भाई हैं और उन्होंने फाइनल में पूरे आत्मविश्वास और संतुलन के साथ शूटिंग की। यह पहली बार है जब एक ही स्पर्धा में दो भारतीय निशानेबाजों ने विश्व चैंपियनशिप के पोडियम पर जगह बनाई है।
फाइनल से पहले क्वालिफिकेशन राउंड में भी सम्राट और वरुण ने जबरदस्त प्रदर्शन किया था। सम्राट ने 586 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। जबकि, वरुण ने समान स्कोर किया लेकिन इनर 10 कम होने के कारण दूसरे स्थान पर रहे। दोनों ने श्रवण कुमार के साथ मिलकर टीम इवेंट में भी स्वर्ण पदक जीता जिससे भारत की कुल मेडल संख्या में और बढ़ोतरी हुई।
यह भी पढ़ें:दिल्ली में ब्लास्ट के बाद मध्य प्रदेश में हाई अलर्ट, महाकाल मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई गई




