बॉलीवुड में बादशाह के तीन दशक पूरे, फैंस से बोले शाहरुख आपके प्यार से अभीभूत हूं

25 जून 1992 को दीवाना फिल्म से बालीवुड में कदम रखने वाले शाहरुख खान ने इंडस्ट्री में 29 साल पूरे कर लिए हैं, लोग उन्हें किंग ऑफ रोमांस कहते हैं, शाहरुख का कहना है कि उन्होंने अपनी पहली फिल्म अब तक नहीं देखी है,

Updated: Jun 25, 2021, 12:02 PM IST

Photo Courtesy: twitter
Photo Courtesy: twitter

बालीवुड में किंग खान के नाम से फेमस सुपर स्टार शाहरुख खान ने फिल्मी दुनिया में 29 साल पूरे कर लिए हैं। इन तीन दशकों में उन्होंने हर तरह के किरदार को पर्दे पर जिया है। 25 जून 1992 को उनकी पहली फिल्म दीवाना रिलीज हुई थी, जिसमें उन्होंने ऋषि कपूर और दिव्या भारती के साथ सिल्वर स्क्रीन शेयर की थी। टीवी से फिल्मों में आना और इस चकाचौंध भरी दुनिया में फर्श से अर्श तक का उनका सफर उतार चढ़ाव से भरा रहा है। इस खास मौके पर शाहरुख खान ने अपने फैंस के लिए एक इमोश्नल पोस्ट लिखा है।

 

बादशाह ने शुक्रवार को ट्विटर पर अपने चाहने वालों के प्यार और समर्थन देने के लिए शुक्रिया अदा किया। वे लिखते हैं कि 'करीब 30 साल में आपसे मिले प्यार से अभिभूत हूं, अपनी आधी से ज्यादा जिंदगी आपका मनोरंजन करने में लगी दी। कल कुछ समय निकालकर आपको अपनी ओर से कुछ प्यार दूंगा। शुक्रिया, प्यार की जरूरत थी।' अपनी फिल्मों के जरिए लोगों के दिलों में राज करने वाले शाहरुख की फिल्मी जर्नी बेहद शानदार रही है। उन्होंने अपनी पहली ही फिल्म से दर्शकों के दिल में जगह बनाई और आगे बढ़ते रहे। अपने करियर में वे एक से एक बेहतरीन किरदार निभाते नजर आए हैं। 

दिल्ली में पले बढ़े शाहरुख को एक्टिंग का शौख शरू से ही था, कॉलेज के दिनों में वे थियटर ग्रुप्स से जुड़े थे। फिर किस्मत आजमाने मुंबई आए और छोटे पर्दे पर काम किया। वे दूरदर्शन के सीरियल दूसरा केवल, फौजी और सर्कस में नजर आए।

लेकिन किस्मत को तो कुछ और ही मंजूर था। शाहरुख ने दीवाना से डेब्यू किया था जिसके लिए उन्हें डेब्यू का अवॉर्ड मिला था। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा वे एक के बाद एक हिट फिल्मों का हिस्सा बनते गए। शाहरुख की पहली रिलीज दीवाना थी, जबकि उससे पहले उन्होंने हेमा मालिनी के डायरेक्शन में बनी फिल्म दिल आसना है साइन की थी।

शाहरुख ने चमत्कार, राजू बन गया जेंटलमैन, डर, बाजीगर, दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, दिल तो पागल है, कुछ कुछ होता है, देवदास, स्वदेश, कल हो ना हो, चक दे इंडिया, मैं हूं ना, माई नेम इज खान, चेन्नई एक्सप्रेस, जब तक है जान, रईस, जीरो, दिलवाले और जैसी कई सुपर हिट फिल्में दी हैं। इन फिल्मों में उनकी एक्टिंग और उनके खास स्टाइल को फैंस ने खूब पसंद किया। शाहरुख और काजोल की जोड़ी को दुनिया भर के दर्शकों ने खूब पसंद किया। इनदिनों शाहरुख यश राज फिल्म की पठान की तैयारियों में जुटे हैं।

अपने करियर में शाहरुख करीब 80 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। वे 250 से ज्‍यादा अवॉर्ड और सम्‍मान हासिल कर चुके हैं। यश चोपड़ा कि फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे से वे रोमांस का बादशाह के तौर पर फेमस हो गए।