मुंबई टू न्यूयॉर्क फ्लाइट में बम की धमकी, टॉयलेट में चिट्ठी मिलते ही वापस लौटा विमान
मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-119 को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली। 8 घंटे 37 मिनट की उड़ान के बाद फ्लाइट को मुंबई डायवर्ट कर दिया गया।

मुंबई। मुंबई से न्यूयॉर्क जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल विमान को मुंबई वापस लौटने का निर्देश दिया। 320 से अधिक लोगों को लेकर जा रहा यह विमान सुरक्षित रूप से मुम्बई में उतार लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा इसकी आवश्यक जांच की जा रही है।
एयर इंडिया ने इस संबंध में एक बयान में कहा, 'आज 10 मार्च 2025 को मुंबई-न्यूयॉर्क (जेएफके) उड़ान भरने वाली एआई 119 में उड़ान के दौरान एक संभावित सुरक्षा खतरे का पता चला। आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन करने के बाद, विमान में सवार सभी लोगों की सुरक्षा के हित में विमान को वापस मुंबई ले जाया गया।'
यह भी पढे़ं: संसद में गूंजा वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का मुद्दा, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने की चर्चा की मांग
एयरलाइन के अनुसार, भारतीय समय के अनुसार विमान सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर मुम्बई में सुरक्षित उतरा। विमान की सुरक्षा एजेंसियों द्वारा अनिवार्य जांच की जा रही है। एयर इंडिया अधिकारियों को अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं। उड़ान का समय बदल दिया गया है। अब विमान 11 मार्च की सुबह 5 बजे उड़ान भरेगा।
एअर इंडिया ने बताया कि फ्लाइट के वॉशरूम में एक नोट मिला, जिसमें बम की धमकी दी गई थी। एअर इंडिया की फ्लाइट AI119 मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 से रात 1:43 बजे न्यूयॉर्क के लिए उड़ान भरी थी। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं। विमानन कंपनी ने यात्रियों को हुई असुविधा के खेद जताई है।
एयरलाइन ने कहा कि फ्लाइट को अब 11 मार्च सुबह 5 बजे के लिए रिशेड्यूल किया गया है। यात्रियों को होटल आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सहायता दी गई है। हमारी टीम जमीनी स्तर पर लगातार काम कर रही है ताकि यात्रियों को कोई असुविधा न हो। हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता यात्रियों और क्रू की सुरक्षा है।
इससे पहले 6 मार्च को शिकागो से दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की एक अन्य उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान के 5 घंटे बाद शिकागो वापस लौटना पड़ा था। एयरलाइन के एक प्रवक्ता ने सोमवार को कहा कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक ले जाने के लिए समय पर वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी।