Bishan Singh Bedi Death: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी का निधन, महान स्पिनरों में होती थी गिनती
स्पिन की दुनिया के जादूगर कहे जाने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी के निधन पर क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और स्पिन की दुनिया के जादूगर कहे जाने वाले बिशन सिंह बेदी का निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। रिपोर्ट्स की मानें तो वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। वह लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट के कप्तान रहे और दुनिया के धाकड़ स्पिनरों में उनका नाम शामिल किया जाता है।
भारत के लिजेंडरी लेफ्ट आर्म स्पिनर बेदी ने 1967 और 1979 के बीच भारत के लिए 67 टेस्ट खेले और 266 विकेट लिए। वहीं, 10 वनडे मैचों में सात विकेट भी हासिल किए। 70 के दशक में बेदी भारतीय टीम के फेमस स्पिन चौकड़ी का हिस्सा थे। इसमें इरापल्ली प्रसन्ना, बीएस चंद्रशेखर और एस वेंकटराघवन बेदी के साथ थे।
The BCCI mourns the sad demise of former India Test Captain and legendary spinner, Bishan Singh Bedi.
— BCCI (@BCCI) October 23, 2023
Our thoughts and prayers are with his family and fans in these tough times.
May his soul rest in peace pic.twitter.com/oYdJU0cBCV
गेंदबाजी के अलावा बिशन सिंह बेदी के अंदर लीडरशिप की काबिलियत भी थी। बिशन सिंह बेदी को 1976 में टीम इंडिया का कप्तान नियुक्त किया गया और उन्होंने 1978 तक टीम इंडिया की कमान संभाली। बिशन सिंह बेदी को ऐसे कप्तान के तौर पर जाना जाता है जिन्होंने टीम के अंदर लड़ने की क्षमता पैदा की और अनुशासन को लेकर नए बैंच मार्क स्थापित किए।
यह भी पढ़ें: वाघ बकरी चाय कंपनी के मालिक पराग देसाई का निधन, स्ट्रीट डॉग्स के हमले में हुए थे घायल
बेदी ने 22 टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी की। इनमें टीम इंडिया को 6 में जीत और 11 में हार मिली। 5 टेस्ट ड्रॉ रहे थे। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 4 मैचों में कप्तानी की। इसमें भारत को 1 में जीत मिली और 3 में हार झेलनी पड़ी। बतौर कप्तान बेदी ने नई इबारत भी लिखी। कप्तान के तौर पर बिशन सिंह बेदी ने 1976 में उस समय की सबसे मजबूत टीम वेस्टइंडीज को उसी की धरती पर जाकर टेस्ट सीरीज में मात दी।
बिशन सिंह बेदी के निधन से खेल जगत में शोक की लहर है। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम और विपक्षी दलों के नेताओं ने भी दुख जताया है।