धोनी के घुटने अब पहले जैसे नहीं रहे, वह 10 ओवर नहीं खेल सकते, चेन्नई की हार पर CSK के कोच का बड़ा बयान

चेन्नई सुपर किंग्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि फैंस को ये उम्मीद नहीं करनी चाहिए कि पूर्व कप्तान आईपीएल 2025 सीजन में 9वें या 10वें ओवर के आसपास बल्लेबाजी करने आएंगे।

Updated: Mar 31, 2025, 11:29 PM IST

चेन्नई सुपर किंग्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने IPL 2025 में एमएस धोनी के प्रदर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया है। फ्लेमिंग ने कहा कि धोनी का घुटना और शरीर अब पहले जैसा नहीं रहा। उन्होंने यह भी कहा कि फैंस को यह उम्मीद नहीं करनी चाहिए कि पूर्व कप्तान आईपीएल 2025 सीजन में 9वें या 10वें ओवर के आसपास बल्लेबाजी करने आएंगे।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में महेंद्र सिंह धोनी 8-9 नंबर पर बैटिंग करने उतर रहे हैं। इस पर आलोचक सवाल खड़े कर रहे हैं। उनका कहना है कि इतने निचले क्रम पर बल्लेबाजी का टीम को क्या फायदा है। इस सवाल पर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि धोनी की बॉडी और घुटना अब वैसा नहीं है, जैसा पहले हुआ करता था। उनके लिए लगातार 10 ओवर बल्लेबाजी करना मुश्किल है।

फ्लेमिंग ने कहा कि यह समय की बात है। धोनी खुद इस बात का फैसला करते हैं। धोनी ठीक तरह से चल रहे हैं, लेकिन नुकसान की गुंजाइश अभी भी है। स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि जिस दिन मैच होता है, धोनी ही खुद यह अंदाजा लगाते हैं कि वे टीम के लिए क्या कर सकते हैं। अगर मैच बैलेंस है तो धोनी थोड़ा जल्दी बैटिंग के लिए उतर सकते हैं। जब भी मौका मिलता है वे दूसरे खिलाड़ियों का समर्थन करते हैं। इस तरह से टीम को धोनी बैलेंस कर रहे हैं।

हालांकि, खराब प्रदर्शन के बावजूद फ्लेमिंग ने कहा कि धोनी हमारे लिए बेशकीमती हैं। टीम के लिए विकेटकीपिंग करने के साथ उनका 9-10 ओवर में बल्लेबाजी के लिए उतरना ठीक नहीं है।"

बता दें कि चेन्नई को इस सीजन में चेज करते हुए लगातार दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। दोनों ही मैचों में धोनी निचले क्रम में बल्लेबाजी करने आए। सीजन के पहले मैच में चेन्नई ने मुंबई को 4 विकेट से हराया था। इस मैच में भी धोनी आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए थे।

30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में चेन्नई को 6 रनों से हार का सामना करना पड़ा। धोनी इस मैच में भी सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए आए और 11 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हो गए। अपनी पारी के दौरान उन्होंने एक चौका और एक छक्का भी लगाया।

इससे पहले चेपॉक में 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ चेन्नई को 17 साल बाद घर पर हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में टीम 197 रनों का पीछा कर रही थी। इस बार धोनी 9वें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए आए थे। धोनी 16 गेंदों पर 30 रन बनाकर नाबाद रहे थे।