चक दे इंडिया: भारतीय हॉकी टीम ने जीता ब्रॉन्ज मेडल, 41 साल बाद हॉकी में मिला देश को मेडल

भारतीय खिलाड़ियों ने जर्मनी को रौंदा, 5-4 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल किया अपने नाम, ओलंपिक में 41 साल बाद भारतीय हॉकी टीम को मिला मेडल

Updated: Aug 05, 2021, 03:57 AM IST

नई दिल्ली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने आज जर्मनी को 5-4 से हराकर 41 साल बाद ओलंपिक मेडल अपने नाम किया है। भारतीय हॉकी टीम तीसरे स्थान पर रहते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीतने में कामयाब हुई है। इसी के साथ चार दशकों से हॉकी में मेडल जीतने का इंतजार खत्म हो गया है। भारतीय टीम के इस अभूतपूर्व जीत से देशभर में खुशी की लहर है।

मैच के पहले क्वार्टर में शानदार शुरुआत करते हुए जर्मनी की टीम ने दूसरे ही मिनट में अपना खाता खोल लिया। इसके साथ ही जर्मनी ने पहले क्वार्टर में 1-0 की बढ़त ले ली। भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर में शानदार शुरुआत की है। टीम का 17वें मिनट में खाता खोला जब सिमरनजीत सिंह ने जोरदार खेल दिखाते हुए जर्मन गोलकीपर को छकाया और गोल करने में सफल रहे। हालांकि, इसके बाद जर्मनी के आक्रामक खेल दिखाते हुए 24 वें और 25वें मिनट में लगातार दो गोल दागे। इसके बाद भारत ने 27वें और 29 मिनट में लगातार दो गोल दागे।

मैच के तीसरे क्वॉर्टर में भारत ने खेल की शानदार शुरुआत की। भारतीय टीम ने इस क्वॉर्टर में बराबरी से आगे निकलते हुए स्कोर को 5-3 तक पहुंचा दिया। चौथे क्वॉर्टर में जर्मनी की टीम महज एक गोल दाग पाई, नतीजतन भारत ने 5-4 से खेल जीतकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

यह भी पढ़ें: विकास की बाट जोह रहा देश को 3 ओलंपियन देने वाला हरियाणा का गांव, पहलवान रवि दहिया की जीत से जागी उम्मीद

भारतीय हाॅकी टीम ने इस बार ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन किया, जिससे लोगों की उम्मीदें काफी बढ़ गई थी। इसे हॉकी में भारत का कमबैक माना जा रहा था चूंकि देश ने आखिरी बार साल 1980 में मेडल जीता था। तब टीम को गोल्ड मेडल मिला था। इससे पहले भारतीय टीम ने साल 1928, 1932, 1936, 1948, 1952, 1956, 1964 और 1980 में गोल्ड मेडल जीता है। इसके अलावा 1960 में सिल्वर जबकि 1968 और 1972 में ब्रॉन्ज मेडल मिला। 1980 के बाद 41 वर्षों से भारत पदक की इंतजार में था। अब इसबार टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज के साथ ही 4 दशक का इंतजार खत्म हो गया है।