T-20 World Cup: 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर, जिंबाब्वे सुपर-8 में पहुंची
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया लीग राउंड से बाहर हो गई। जिम्बाब्वे-आयरलैंड मैच बारिश से रद्द होने पर जिम्बाब्वे सुपर-8 में पहुंच गई।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया टीम लीग राउंड से ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। मंगलवार को जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच होने वाला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में लगातार खराब मौसम की वजह से टॉस तक नहीं हो सका। मैच रद्द होने के साथ मिले एक-एक अंक ने जिम्बाब्वे को सुपर-8 में पहुंचा दिया और ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो गईं।
ऑस्ट्रेलिया की स्थिति पहले ही कमजोर हो चुकी थी। टीम को एक दिन पहले श्रीलंका के खिलाफ 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। जबकि, 13 फरवरी को जिम्बाब्वे ने भी उसे 23 रन से हराकर बड़ा झटका दिया था। अब ऑस्ट्रेलिया का आखिरी लीग मैच 20 फरवरी को ओमान के खिलाफ होना है लेकिन यह मुकाबला जीतने के बाद भी मिचेल मार्श की कप्तानी वाली टीम अगले दौर में नहीं पहुंच पाएगी।
ग्रुप बी की अंकतालिका ने कंगारू टीम का रास्ता बंद कर दिया। श्रीलंका 6 अंकों के साथ और जिम्बाब्वे 5 अंकों के साथ सुपर-8 में जगह बना चुकी हैं। ऑस्ट्रेलिया अधिकतम 4 अंक तक ही पहुंच सकती है। जबकि, नियम के अनुसार प्रत्येक ग्रुप से केवल दो टीमें ही अगले राउंड में क्वालिफाई करती हैं। इसी गणित ने ऑस्ट्रेलिया के अभियान का अंत तय कर दिया।
टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह दूसरी बार है जब ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से बाहर हुई है। इससे पहले 2009 में रिकी पोंटिंग की कप्तानी में टीम लीग चरण पार नहीं कर पाई थी।
इस टूर्नामेंट में यह पहला मौका रहा जब कोई मैच बारिश की वजह से रद्द हुआ। वहीं, टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में अब तक कुल 8 मुकाबले रद्द हो चुके हैं। 2016 संस्करण में दो मैच धुल गए थे। जबकि, 2007, 2010, 2012, 2022 और 2024 में एक-एक मुकाबला बिना परिणाम समाप्त हुआ था।




