World Cup 2023: 12 साल बाद फाइनल में पहुंचा भारत, न्यूजीलैंड को 70 रन से रौंदा

भारत ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को 70 रन से हराकर वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है।

Updated: Nov 15, 2023, 10:46 PM IST

मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम विश्व कप ट्रॉफी से महज एक जीत दूर है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने लगातार 10वां मैच जीतकर ICC Cricket World Cup 2023 के फाइनल में जगह बना ली है। टीम इंडिया ने वानखेड़े स्टेडियम में खेले पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को 70 रन से पराजित किया। इसके साथ टीम इंडिया ने कीवियों से 4 साल पुरानी हार का हिसाब भी चुकता कर लिया। 2019 विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने भारत को मैनचेस्टर में हराकर उसे फाइनल में पहुंचने से रोक दिया था।

भारत की ओर से रखे गए 398 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम 48.5 ओवर में 327 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने 134 रन बनाए जबकि कप्तान केन विलियम्सन 69 रन बनाकर आउट हुए। भारत ओर से मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा 7 विकेट चटकाए। इससे पहले भारत ने विराट कोहली के 50वें शतक और श्रेयस अय्यर की लगातार दूसरी सेंचुरी की मदद से 4 विकेट पर 397 रन बनाए। शुभमन गिल 80 रन बनाकर नाबाद लौटे। कप्तान रोहित 47 रन बनाकर आउट हुए वहीं केएल राहुल 20 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाए।

विराट कोहली ने अपने आदर्श सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ते हुए खेल के इतिहास में 50 वनडे शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। कोहली ने तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद को स्क्वायर लेग पर खेल कर दो रन के साथ 106 गेंद में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने करियर की 279 वीं पारी में शतकों का अर्धशतक पूरा किया। कोहली ने वानखेड़े स्टेडियम में महान तेंदुलकर की मौजूदगी में यह उपलब्धि हासिल की। खास बात यह है कि 15 नवंबर 1989 को अपने करियर का आगाज करने वाले तेंदुलकर ने इसी मैदान पर 15 नवंबर (2013) को आखिरी बार भारत के लिए बल्लेबाजी की थी। यह टेस्ट मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला गया था।