नए साल पर मध्य प्रदेश के टाइगर रिजर्व में दिखा टूरिस्टों का क्रेज, बफर एरिया में अब भी खाली हैं सीटें
मध्य प्रदेश के टाइगर रिजर्व में नए साल के मौके पर पर्यटकों का खासा क्रेज देखने को मिल रहा है। प्रदेश के सभी प्रमुख टाइगर रिजर्व के कोर एरिया की सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं।
मध्य प्रदेश के टाइगर रिजर्व में नए साल के मौके पर पर्यटकों का खासा क्रेज देखने को मिल रहा है। प्रदेश के सभी प्रमुख टाइगर रिजर्व के कोर एरिया की सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं। हालांकि, बफर एरिया में अब भी सीटें खाली हैं, जहां पर्यटक ऑनलाइन बुकिंग के जरिए अपनी जगह आरक्षित कर जंगल सफारी का आनंद ले सकते हैं।
मध्य प्रदेश में कुल 9 टाइगर रिजर्व हैं, जिनमें 6 पुराने और 3 नए शामिल हैं। पुराने टाइगर रिजर्व में सतपुड़ा, पेंच, कान्हा, बांधवगढ़, पन्ना और संजय डुबरी आते हैं, जबकि हाल ही में बने नए टाइगर रिजर्व में रातापानी, माधौपुर और नौरादेही शामिल हैं। इन सभी टाइगर रिजर्व में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। टाइगर, हाथी और अन्य वन्यजीवों को नजदीक से देखने के लिए पर्यटक खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के कोर एरिया के चूरना, मढ़ई और पचमढ़ी गेट से एंट्री के सभी स्लॉट पहले ही बुक हो चुके हैं। हालांकि, बफर एरिया में 4 से 12 सीटें अब भी खाली हैं। इसी तरह, पेंच नेशनल पार्क के जमतारा, करमाझिरी और तोरिया गेट के कोर जोन में सीटों की वेटिंग है, जबकि बफर जोन में भी कुछ ही सीटें खाली हैं। कान्हा टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में भी प्रवेश मुश्किल है, लेकिन बफर जोन में 2 से 14 सीटें अब भी उपलब्ध हैं।
बांधवगढ़ के कोर एरिया के खिटाऊली, मागाधी और ताला गेट से एंट्री की सभी सीटें बुक हो चुकी हैं। हालांकि, बफर जोन के जोहिला गेट पर कुछ सीटें खाली हैं। संजय डुबरी टाइगर रिजर्व में कोर और बफर दोनों जोन में सीटें खाली हैं, जहां मॉर्निंग और ईवनिंग सफारी का आनंद लिया जा सकता है। पन्ना टाइगर रिजर्व के हिनोता और मंडला गेट के कोर एरिया की सीटें फुल हैं, लेकिन बफर जोन के अकोला और जिन्ना गेट में 4 से 23 सीटें खाली हैं।
बुकिंग के लिए पर्यटक www.mponline.gov.in पर जाकर "राष्ट्रीय उद्यान" विकल्प पर क्लिक कर सकते हैं। कोर एरिया की सफारी के लिए 2400 रुपए (6 व्यक्तियों का परमिट) और बफर एरिया के लिए 1200 रुपए चार्ज है। प्रीमियम डेट्स पर यह चार्ज बढ़ सकता है। पूरी गाड़ी या सिंगल टिकट दोनों का विकल्प उपलब्ध है।
यह भी पढ़ें: 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना हमारा लक्ष्य, महू में बोले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह
ऑफलाइन बुकिंग की सुविधा नहीं है, लेकिन अगर बुकिंग कैंसिल होती है, तो ऐसी सीटों के लिए रात में तत्काल कोटा के तहत गेट पर ही ऑनसाइट बुकिंग की जा सकती है। नए साल के अवसर पर जंगल सफारी का आनंद लेने के लिए पर्यटक जल्द से जल्द अपनी बुकिंग कर सकते हैं।