CG Corona Update : कई जिलों में Lockdown

राजधानी रायपुर और कोरबा में 21 जुलाई की रात से 28 जुलाई तक लॉकडाउन

Publish: Jul 21, 2020, 07:39 AM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना लगातार पांव पसारता जा रहा है। प्रदेशभर में कुल संक्रमितों की संख्या 5424 के पार हो गई है। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 1 हजार 626 है। प्रशासन ने रायपुर, कोरबा, बिलासपुर अंबिकापुर में लॉकडाउन करने का फैसला लिया है।

राजधानी रायपुर और कोरबा में 21 जुलाई की रात से 28 जुलाई तक लॉकडाउन का फैसला लिया गया है। वहीं अंबिकापुर नगर निगम की सीमा में 22 से 28 तारीख तक लॉकडाउन पहले ही घोषित किया जा चुका है।  जबकि बिलासपुर में 23 से 31 जुलाई तक लॉकडाउन का एलान किया गया है। बिलासपुर नगर निगम, बिल्हा और बोदरी नगर पंचायत में लॉकडाउन रहेगा है। है। लगातार मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण जिला कलेक्टरों ने लॉकडाउन करने का फैसला लिया है।

रायपुर में इस बार किराना दुकानें भी बंद रहेंगी। वहीं कोरबा का नगर निगम क्षेत्र, पाली, दिपका, कटघोरा, छुरीकला को बंद किया जा रहा है। दोनों शहरों में सार्वजनिक यातायात, बाजार, धार्मिक स्थल, मॉल, रेस्टोरेंट वगैरह सभी स्थान बंद रहेंगे। रायपुर कलेक्टर एस भारतीदासन ने स्पष्ट किया है कि कालाबाजारी या महंगा सामान बेचने पर कार्रवाई होगी। राजधानी रायपुर में सुबह 6 से 10 बजे तक दूध ब्रेड, अंडा, चिकन, मटन, सब्जी दुकानें खोलने की परमीशन रहेगी ।वहीं पेट्रोल पंप दोपहर 3 बजे तक खोले जा सकेंगे। अन्य सभी सरकारी और प्रायवेट ऑफिस दुकानें बंद रहेंगी। कोरबा जिले में लॉकडाउन के दौरान किराना, सब्जी, दूध, अंडा, चिकन, मटन, ब्रेड वगैरह की दुकान सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक मिलेंगे। 

 सामान्य प्रशासन विभाग विभाग ने लॉकडाउन होने पर उस इलाके पंजीयन कार्यालय खुले रखने का फैसला लिया है। इस बारे में दलील दी जा रही है कि पंजीयन से सरकार की आय जुड़ी होती है। इसलिए इस सेवा को चालू रखने का फैसला लिया गया है।

वहीं अति आवश्यक सेवा पुलिस, स्वास्थ्य सेवाएं, अस्पताल, फायर ब्रिगेड, साफ-सफाई एवं स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, बिजली व्यवस्था, जेल, पेयजल आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाएं पहले की तरह संचालित रहेंगी। पंजीयन कार्यालयों को विभागों को छोड़कर अन्य विभाग बंद रहेंगे।

विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम के लिए कहा गया है। कर्मचारियों के मोबाइल, टेलीफोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से संपर्क में रहने को कहा गया है। आवश्यक होने पर कार्यालय में उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया जा सकेगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों के सचिवों, सभी संभागायुक्तों, कलेक्टरों और विभागाध्यक्षों को संशोधित पत्र जारी कर दिया है।