सच बताऊं... इस बार चुनाव लड़ने का मन नहीं है, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का बड़ा बयान

जिस तरह मैंने वर्ष 2008, 2013 और 2018 में विधानसभा चुनाव लड़ा तो मैंने पहले से ही मन बनाया लिया था, लेकिन इस बार चुनाव लड़ने का मन नहीं है: टीएस सिंहदेव

Updated: Dec 29, 2022, 09:30 AM IST

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि इस बार वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। सिंहदेव ने अंबिकापुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि इस बार चुनाव लड़ने का उनका मन नहीं है। सिंहदेव का यह बयान सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में कयासों का दौर शुरू हो गया है।

स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने कहा, 'इस बार सही में मैंने चुनाव लड़ने का मन अभी तक नहीं बनाया है। इस बार यदि मन बनाया तो लोगों से पूछ कर ही चुनाव लड़ूंगा। जिस तरह मैंने वर्ष 2008, 2013 और 2018 विधानसभा चुनाव लड़ा तो मैंने पहले से ही मन बना लिया था। इसके बाद जनता से पूछ कर चुनाव लड़ा था। सही बात बताऊं तो इस बार मेरा मन ही नहीं है, जैसा पहले रहता था।'

यह भी पढ़ें: मेरी फोटो दिखाकर वोट मांगने आएंगे, आप झांसे में मत आना, लोधी समाज के समर्थकों से बोलीं उमा भारती

कांग्रेस नेता ने यह बात उन्होंने नगर के गांधी स्टेडियम में महाराजा एमएस सिंहदेव स्मृति ड्यूस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए कही है। हालांकि, वे अपने विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। "चुनाव लड़ने का मन नहीं है" जैसे बयान से कई मायने निकाले जा रहे हैं। चूंकि, पिछले विधानसभा चुनाव में राज्य भर में कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।

पिछले हफ्ते ही उन्होंने सूरजपुर में भी आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि मैं चुनाव से पूर्व अपने भविष्य से जुड़ा अहम फैसला लूंगा। सरगुजा में यह भी चर्चा तेजी से चल रही है कि स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव के भतीजे आदित्येश्वर शरण सिंहदेव इस बार अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में हो सकते हैं। भतीजे आदित्येश्वर खुद अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले तीन-चार सालों से काफी सक्रिय हैं। वह अंबिकापुर जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 2 से 23 हजार मतों से चुनाव भी जीत चुके हैं।