EVM पर कुछ बोलो तो BJP को जोर से मिर्ची लगती है, कोई तो कारण होगा: भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के कार्यवाहक सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि जैसे ही EVM के बारे में कुछ भी बोलो भाजपा को बड़ी जोर से मिर्ची लगती है। इतनी जोर से मिर्ची क्यों लगती है? कुछ न कुछ तो कारण होगा।

Updated: Dec 07, 2023, 07:56 PM IST

रायपुर। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के नतीजों ने इस बार सभी को चौंका दिया है। जमीनी हालात से वाकिफ लोगों के लिए चुनाव नतीजों पर भरोसा करना मुश्किल है। ऐसे में अब ईवीएम की विश्वासनियत पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, बीजेपी ईवीएम के बचाव में उतर आई है। अब छत्तीसगढ़ के कार्यवाहक सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि ईवीएम पर कुछ भी बोलो तो भाजपा को क्यों मिर्ची लगती है।

भूपेश बघेल ने गुरुवार को राजधानी रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि जनता ने जो जनादेश दिया, उसे हम स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा कि जब समीक्षा होगा तब, पता चलेगा कि कहां-कहां गलती हुई। सीएम भूपेश बघेल ने ईवीएम मशीनों पर उठ रहे सवालों को लेकर कहा कि जैसे ही EVM के बारे में कुछ भी बोलो भाजपा को बड़ी जोर से मिर्ची लगती है। इतनी जोर से मिर्ची क्यों लगती है? कुछ न कुछ तो कारण होगा।

यह भी पढ़ें: मुंह काला तो भाजपा को करना चाहिए, पोस्टल बैलेट में उन्हें 50 से कम सीटें ही मिलीं: दिग्विजय सिंह

बघेल ने दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा के दौरान ये बात कही। वहीं दिल्ली में होने वाली बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि जनरल सेक्रेटरी ऑर्गेनाइजेशन की बैठक है। छत्तीसगढ़ के कोर कमेटी मेंबर के साथ बैठक होगी। सभी कमेटी मेंबर बैठक में शामिल होंगे। बैठक के लिए निवर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ टीएस सिंहदेव, दीपक बैज, ताम्रध्वज साहू, चरणदास महंत समेत कई नेता दिल्ली रवाना हुए।

दरअसल, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को मिली अप्रत्याशित हार की समीक्षा में पार्टी जुटी हुई है। इसी क्रम में हाईकमान ने दोनों राज्यों के पार्टी नेताओं को गुरुवार को दिल्ली बुलाया है।