छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में दो और जजों की नियुक्ति

नरेश कुमार चंद्रवंशी और नरेंद्र कुमार व्यास को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का जज नियुक्त किया गया है, इस कारण हाई कोर्ट में जजों की संख्या 11 से 13 हो गई है

Updated: Feb 05, 2021, 01:27 PM IST

रायपुर। बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में दो जजों की नियुक्ति हुई है। सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने नरेंद्र कुमार व्यास और नरेश कुमार चंद्रवंशी को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में जज नियुक्त किया है। दो नए जजों की नियुक्ति होने के साथ ही छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या 11 से बढ़कर 13 हो गई है।

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पीआर रामचंद्र जल्द ही दोनों जजों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। हालांकि अब तक नवनियुक्त जजों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम का ऐलान नहीं किया गया है। हाई कोर्ट में जज बनाए जाने तक नरेंद्र कुमार व्यास वरिष्ठ वकील रहे हैं, जबकि नरेश कुमार चंद्रवंशी छत्तीसगढ़ के विधि विभाग के प्रमुख सचिव रहे हैं। 

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की स्थापना के समय वहाँ सुप्रीम कोर्ट ने तीन जजों की नियुक्ति की थी। जस्टिस आरएस गर्ग एक्टिंग चीफ जस्टिस बनाए गए थे। स्थापना के समय सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में कुल 22 जजों के पद रखे थे। लेकिन शुरूआत से अब तक इतने जजों की नियुक्ति कभी नहीं हो सकी। इसके चलते लंबित प्रकरणों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। एक जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में फिलहाल 70 हजार से अधिक केस पेंडिंग हैं। छत्तीसगढ़ को अलग राज्य बनाए जाने के समय 10 हजार से अधिक मामले मध्य प्रदेश हाई कोर्ट से यहाँ ट्रांसफ़र हुए थे।