शेयर बाज़ार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 740 प्वाइंट चढ़ा, एक दिन में निवेशकों ने कमाए 8 लाख करोड़

बुधवार को सेंसेक्स 740 अंक चढ़कर 73,730 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में 254 अंक की तेजी रही, ये 22,337 के स्तर पर बंद हुआ।

Updated: Mar 05, 2025, 04:46 PM IST

मुंबई। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में रौनक लौट आई। सेंसेक्स आज 740 अंक चढ़कर 73,730 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 254 अंक की तेजी रही और ये 22,337 के स्तर पर बंद हुआ। इसी के साथ शेयर बाजार में आज 10 सेशन की बिकवाली पर ब्रेक लग गया है।

बुधवार को दिनभर के कामकाज के बाद सेंसेक्स और निफ्टी करीब 1% से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद हुए। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली है। BSE के सभी सेक्टर इंडेक्स बढ़त पर बंद हुए। मेटल इंडेक्स करीब 4% चढ़कर बंद हुए। एनर्जी, IT, ऑयल & गैस इंडेक्स बढ़त पर बंद होने में कामयाब रहे। पावर, PSU और ऑटो शेयरों में आज शानदार खरीदारी देखने को मिली।

यह भी पढ़ें: स्टॉक मार्केट फ्रॉड मामले में पूर्व SEBI चीफ माधबी बुच की बढ़ीं मुश्किलें, कोर्ट ने दिए FIR दर्ज करने के आदेश

सेंसेक्स और निफ्टी ने एक महीने में सबसे बड़ी एक दिन की बढ़त दर्ज की है। BSE लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन ₹8 लाख करोड़ से अधिक बढ़ा है। यानी निवेशकों को एक दिन में आठ लाख करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ। सेंसेक्स और निफ्टी सोमवार के निचले स्तर से लगभग 2% और मिडकैप 5% से अधिक चढ़े।

एशियाई बाजारों में जापान के निक्केई में 0.23% और हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग इंडेक्स में 2.84% की तेजी रही। वहीं, चीन के शंघाई कम्पोजिट में भी 0.53% की तेजी रही। 4 मार्च को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 3,405.82 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। इस दौरान घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 4,851.43 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। 4 मार्च को अमेरिका का डाओ जोंस 1.55% गिरकर 42,520.99 के स्तर पर बंद हुआ। S&P 500 में 1.22% और नैस्डेक कंपोजिट में 0.35% की गिरावट रही।

इससे पहले मंगलवार (4 मार्च) को निफ्टी लगातार 10वें दिन गिरकर 22,082 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं सेंसेक्स 96 अंक गिरकर 72,990 के स्तर पर आ गया था। ऑटो और आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही थी। निफ्टी ऑटो इंडेक्स 1.31% गिरा। वहीं आईटी इंडेक्स में 0.90% की गिरावट रही। मीडिया में 2.37% और सरकारी बैंकों के इंडेक्स में 1.56% की तेजी रही। मेटल और ऑयल एंड गैस इंडेक्स करीब 0.5% चढ़े थे।