ट्रंप टैरिफ के दबाव में लुढ़का शेयर बाजार, सेंसेक्स 4 महीने बाद 80 हजार के नीचे आया, 765 अंक गिरकर बंद
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 5 में तेजी और 25 में गिरावट रही। मेटल, IT, ऑटो और रियल्टी सेक्टर के शेयर्स में ज्यादा गिरावट रही।

मुंबई। ट्रंप के 50 प्रतिशत टैरिफ की घोषणा के बाद भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का रुख देखने को मिल रहा है। सेंसेक्स हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को 765 अंक यानी (0.95%) की गिरावट के साथ 79,857.79 पर बंद हुआ। सेंसेक्स चार महीने बाद 80 हजार के नीचे आया है। वहीं निफ्टी −232.85 (0.95%) की गिरावट के साथ 24,363.30 पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह भी शेयर बाजार गिरावट के साथ ही खुला था।
विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और अमेरिकी शुल्क संबंधी चिंताओं के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई थी। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 242.24 अंक की गिरावट के साथ 80,381.02 अंक पर और एनएसई निफ्टी 54.85 अंक फिसलकर 24,541.30 अंक पर आ गया था।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 5 में तेजी और 25 में गिरावट रही। मेटल, IT, ऑटो और रियल्टी सेक्टर के शेयर्स में ज्यादा गिरावट रही। भारती एयरटेल, इन्फोसिस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इटर्नल (पूर्व जोमैटो), एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयर नुकसान में रहे, हालांकि, टाइटन, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी और बजाज फिनसर्व के शेयर में तेजी दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 761 अंक (1.85%) चढ़कर 41,820 पर और कोरिया का कोस्पी 17 अंक नीचे 3,210 पर बंद हुआ। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 222 अंक (0.89%) गिरकर 24,858 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं चीन का शंघाई कंपोजिट 2 अंक की मामूली गिरावट के साथ 3,635 पर बंद हुआ है। इससे पहले 7 अगस्त को अमेरिका का डाउ जोन्स 224 अंक गिरकर 43,968 पर बंद हुआ। वहीं नैस्डेक कंपोजिट 73 अंक चढ़कर 21,242 पर और S&P 500 6,340 पर फ्लैट बंद हुआ।