देश में लोकतंत्र को कुचलने के प्रयास किए जा रहे हैं, स्वतंत्रता दिवस पर बोले पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह
राज्यसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों के नाम सन्देश में कहा कि वर्तमान में सबसे बड़ी चुनौती हमारे मताधिकार की है जिसकी रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है।

नई दिल्ली/भोपाल। देश आजादी के जश्न में सराबोर हो चुका है। सड़कों पर जगह-जगह तिरंगा, सरकारी इमारतें, चौक-चौराहों के साथ-साथ प्राइवेट सेक्टर के दफ्तरें और बिल्डिंग तिरंगे में रंग में नहाया हुआ नजर आ रहा है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने देशवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
सिंह ने बयान जारी कर कहा कि आज हम अपने देश का 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। यह दिन हमें हमारे देश की आजादी की लड़ाई में शहीद हुए महान सेनानियों की याद दिलाता है। यह दिन हर उस व्यक्ति को याद करने का दिन है जिन्होंने आज़ादी के लिए संघर्ष में अपना कुछ न कुछ योगदान ज़रूर दिया। हम उन सभी आज़ादी के दीवानों का पुण्य स्मरण करते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि आज हमारा देश कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। हमारे देश की लोकतंत्र की मूल भावना को न सिर्फ कमजोर करने के बल्कि लोकतंत्र को कुचलने के प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में सबसे बड़ी चुनौती हमारे मताधिकार की है जिसकी रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने समूचे देश के समक्ष मय प्रमाणों के "वोट चोरी" के मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाया है। "वोट चोरी" हमारे देश के लोकतंत्र के ढांचे को धराशायी करने का कुत्सित प्रयास है, जिसे हमें हर हाल में रोकना है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम सभी को अपने देश के नागरिकों के मूलभूत अधिकार व लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने की आवश्यकता है। हमें अपने मताधिकार की रक्षा के लिए वैसी ही लड़ाई लड़नी होगी जैसे हमारे पूर्वजों ने देश को स्वतंत्र कराने के लिए लड़ी थी। लोकतंत्र की मज़बूती का सबसे बड़ा आधार ही मताधिकार है यदि वही हम से छिन जाएगा तब हम कैसे एक निष्पक्ष और जन हितैषी सरकार चुन पाएंगे?
सिंह ने आगे कहा कि आज का दिन जितना देश की आजादी की लड़ाई में शहीद हुए महान सेनानियों के बलिदान को याद करने का है तो उतना ही देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लेने के लिए भी यह दिन महत्वपूर्ण है। आईये संकल्प लें कि हम ज़िम्मेदार नागरिक का फर्ज़ निभाते हुए अपने मताधिकार की सुरक्षा की स्वयं आवाज़ बनेंगे। राजानैतिक दल के साथ-साथ हर नागरिक जब कंधे से कन्धा मिलाकर "वोट चोरी" के खिलाफ एकजुट होगा तब जाकर हम अपने मताधिकार की रक्षा कर पाएंगे।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह देश सबका है। अनेकता में एकता हमारे देश की पहचान है। हमारा देश, सत्य व अहिंसा के पुजारी महात्मा गाँधी और मज़बूत लोकतंत्र व धर्म निरपेक्षता के पक्षधर पंडित जवाहर लाल नेहरू के विचारों से चलता है। यहाँ नफरत के लिए कोई जगह नहीं है। लोकतंत्र और संविधान को मज़बूत करने के लिए हमें आपसी भाईचारा और सौहार्द की भावना को बढ़ावा देना चाहिए। "सर्वधर्म सम्भाव" और "सर्वजन हिताय" की भावना ही देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का एक मात्र उपाय है। आज स्वतंत्रता दिवस के दिन स्वतंत्रता की लड़ाई में शहीद हुए वीरों को नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैँ। पुनः सभी को स्वतंत्रता दिवस की अनंत शुभकामनाएं।