पंचतत्व में विलीन हुए धर्मेंद्र, सनी देओल ने दी मुखाग्नि, अंतिम विदाई देने उमड़ा बॉलीवुड

बॉलीवुड एक्टर धर्मेंद्र का 89 वर्ष का आयु में निधन हो गया है। धर्मेंद्र के निधन से बॉलीवुड सदमे में है। अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, सलमान खान, आमिर खान समेत कई सितारे उन्हें अंतिम विदाई देने श्मशान घाट पहुंचे।

Updated: Nov 24, 2025, 03:48 PM IST

मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का निधन हो गया है। सोमवार दोपहर 89 साल की उम्र में धर्मेंद्र ने अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार विले पार्ले श्मशान भूमि में हुआ। उन्हें अंतिम विदाई देने अमिताभ बच्चन, सलमान खान, संजय दत्त, आमिर खान समेत कई सेलेब्स पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन को एक युग के अंत का संकेत कहा है।

धर्मेंद्र बीते 12 नवंबर को ही अस्पताल से घर लौटे थे। धर्मेंद्र को 31 अक्टूबर को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इस दौरान उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। लेकिन 12 नवंबर की सुबह करीब साढ़े सात बजे उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। उसके बाद से घर पर ही उनका इलाज चल रहा था। धर्मेंद्र कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। धर्मेंद्र के निधन से बॉलीवुड शोक में डूबा है।

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। राष्ट्रपति मुर्मू ने लिखा, 'वरिष्ठ अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। वे देश के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक थे और उन्होंने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार किरदार निभाए। भारतीय सिनेमा की दुनिया में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने ऐसी विरासत छोड़ी है जो आने वाली पीढ़ियों के कलाकारों को प्रेरित करती रहेगी। मैं उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करती हूं।'

वहीं, पीएम मोदी ने लिखा, 'धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग के अंत का प्रतीक है। वह एक प्रतिष्ठित फिल्म हस्ती थे, एक अद्भुत अभिनेता, जिन्होंने हर किरदार में गहराई और आकर्षण भरा। विभिन्न भूमिकाओं को निभाने का उनका अंदाज अनगिनत लोगों के दिलों को छू जाता था। धर्मेंद्र जी को उनकी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए भी उतना ही सराहा जाता था। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।'

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि, 'महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। सिनेमा में लगभग सात दशकों के उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा। धर्मेंद्र जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं।'