गूगल Chrome यूजर्स की सुरक्षा पर बढ़ा खतरा, गूगल ने दी जल्द ऐप को अपडेट करने की सलाह

यूजर्स की पर्सनल डिटेल हो सकती है हैक, दुनिया भर में 2.65 बिलियन यूजर्स यूज करते हैं क्रोम

Publish: Sep 28, 2021, 03:40 AM IST

Photo Courtesy: ZDNet.com
Photo Courtesy: ZDNet.com

नई दिल्ली। गूगल का क्रोम वर्जन उसे करने वाले यूजर्स की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। दुनिया भर के क्रोम यूजर्स हैकर्स की जद में आ गए हैं। खुद गूगल ने अपने यूजर्स को इस सिलसिले में चेतावनी जारी कर दी है। 

गूगल ने वेब ब्राउजर के तौर क्रोम यूज करने वाले यूजर्स को तत्काल ही अपने ऐप को अपडेट करने की सलाह दी है। अन्यथा हैकर्स द्वारा उनकी निजी जानकारियां हैक करने की आशंका है। दुनिया भर में करीब 2.65 बिलियन लोग ब्राउजर के तौर पर गूगल क्रोम का उपयोग करते हैं। 

गूगल ने यह जानकारी साझा की है कि उन्होंने क्रोम में एक एक्सप्लॉइट खोजा है जो कि क्रोम यूजर्स के लिए काफी खतरनाक सिद्ध हो सकता है। गूगल के मुताबिक कम्पनी ने CVE-2021-37973 नाम का एक एक्सप्लॉइट खोजा है। जिसकी मदद से हैकर्स बड़ी आसानी से यूजर्स के डेटा तक अपनी पहुंच सुनिश्चित कर सकते हैं। क्रोम में मौजूद यह एक्सप्लॉइट खुद गूगल के कर्मचारियों ने खोजा है, इसके लिए तीसरे पक्ष की मदद नहीं ली गई है। 

कैसे बचें हैकर्स से 

अगर आप गूगल क्रोम यूज करते हैं, और अपने डेटा को ज़ाहिर तौर पर सुरक्षित करना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको अपने सिस्टम में मौजूद ऐप को अपडेट करना होगा। इसके लिए आपको यह देखना होगा कि आपके ऐप कौन से वर्जन का है। मसलन, अगर आपका क्रोम 94.0.4606.61 वर्जन का है, या इसके बाद का वर्जन आप इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आप इस समय हैकर्स से सुरक्षित हैं।

इसके अलावा अगर आप क्रोम के पुराने वर्जन का इस्तेमाल कर रहे हैं तब आपको जल्द से जल्द क्रोम को अपडेट करने की जरूरत है। सिस्टम में मौजूद क्रोम के वर्जन के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए आपको सर्च इंजन खोलना होगा। सर्च इंजन की राइट साइड में ऊपर तीन डॉट्स पर क्लिक करने पर आपकी स्क्रीन पर विकल्प खुल जाएंगे। इसके बाद सबसे नीचे अबाउट क्रोम में जाने पर आपको सिस्टम में मौजूद क्रोम के मौजूदा वर्जन की जानकारी मिल जाएगी। 

अगर आप क्रोम को अपडेट करना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको वापस से थ्री डॉट्स पर क्लिक करना होगा। विकल्प खुलने के बाद आपको सेफ्टी चेक सेक्शन में जाना होगा। सेफ्टी चेक को खोलने के बाद आपकी स्क्रीन पर अपडेट्स का विकल्प देखेगा। यहां पर क्लिक करते ही आप अपडेट्स तक पहुंच जाएंगे।