ओडिशा में चार्टर प्लेन की क्रैश लैंडिंग, 2 पायलट समेत 6 लोग घायल

ओडिशा के राउरकेला में शनिवार दोपहर इंडिया वन एयर का 9-सीटर चार्टर विमान क्रैश लैंडिंग के दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान 2 पायलट समेत 6 लोग हादसे में घायल हुए हैं।

Updated: Jan 10, 2026, 05:05 PM IST

राउरकेला। ओडिशा के राउरकेला में शनिवार दोपहर एक 9-सीटर चार्टर विमान तकनीकी खराबी के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इंडिया वन एयर का यह विमान क्रैश लैंडिंग के दौरान राउरकेला से करीब 10 किलोमीटर दूर जाल्दा इलाके में गिरा। विमान में सवार सभी 6 लोग घायल हो गए हैं। इन 6 लोगों में चार यात्री और दो पायलट शामिल थे। हालांकि, अधिकारियों के मुताबिक सभी की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

अधिकारियों ने बताया कि विमान ने दोपहर 12 बजे भुवनेश्वर से राउरकेला के लिए उड़ान भरी थी। करीब 1 बजे जाल्दा क्षेत्र में तकनीकी समस्या आने पर पायलटों ने आपात स्थिति में क्रैश लैंडिंग कराई। सामने आई तस्वीरों में विमान का अगला हिस्सा और दोनों विंग्स बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें:इंदौर के महू में भीषण सड़क हादसा, ढलान पर नियंत्रण खोकर एक के बाद टकराए 7 वाहन

ओडिशा के वाणिज्य और परिवहन मंत्री बी बी जेना ने बताया कि यह ए1 कैटेगरी का निजी चार्टर विमान था। इसमें पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। सभी को चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। मंत्री के अनुसार, घटना की सूचना डीजीसीए को दे दी गई है और आवश्यक जांच प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं।

चार्टर विमान में सवार यात्रियों में अनीता साहू, सुनील अग्रवाल, सविता अग्रवाल और सुशांत कुमार बिस्वाल शामिल थे। विमान का संचालन पायलट तरुण श्रीवास्तव और नवीन खंगार कर रहे थे। स्थानीय प्रशासन और आपात सेवाओं ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

यह भी पढ़ें:खंडवा में हथियारबंद बदमाशों ने दिन दाहड़े ज्वेलरी शॉप में की लूटपाट, 2 करोड़ का सामान लेकर हुए फरार

इस घटना के संदर्भ में हाल के विमान हादसों को लेकर भी सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। बीते 12 जून को अहमदाबाद में अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के तुरंत बाद एक मेडिकल हॉस्टल से टकरा गई थी। उस हादसे में विमान में सवार 230 यात्रियों और 12 क्रू मेंबर समेत 241 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि, उस हादसे में जमीन पर मौजूद 29 लोगों की भी जान गई थी। फ्लाइट रडार 24 के अनुसार, विमान का आखिरी सिग्नल 190 मीटर की ऊंचाई पर मिला था। डीजीसीए ने तब बताया था कि पायलट ने मेडे कॉल भेजा था लेकिन उसके बाद संपर्क नहीं हो सका।

यह भी पढ़ें:छत्तीसगढ़ में कांग्रेस MLA बालेश्वर साहू गिरफ्तार, कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई