अमेरिका-ईरान की जंग 40 दिन बाद थमी, 2 हफ्ते का सीजफायर, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज भी खुला
ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को इस शर्त के साथ दो हफ्तों तक खोलने की परमिशन दी है कि वह इस समुद्री रास्ते से गुजरने वाले जहाजों से टोल वसूलेगा।
अमेरिका और ईरान के बीच विगत 40 दिनों से जारी जंग 2 हफ्तों के लिए रोक दी गई है। दोनों देशों के बीच आखिरकार 2 हफ्ते के सीजफायर पर सहमति बन गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि यह फैसला पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ की अपील के बाद लिया गया।
सीजफायर से पहले ट्रम्प ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी थी कि अगर होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों को सुरक्षित रास्ता नहीं मिला तो वह उसकी पूरी सभ्यता खत्म कर देंगे। उन्होंने अहम इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले की भी धमकी दी थी। आखिरी वक्त में पाकिस्तान ने 2 हफ्ते के सीजफायर का प्रस्ताव रखा था, जिसे ईरान ने स्वीकार कर लिया।
समझौते के तहत अमेरिका और इजराइल अपने हमले रोकेंगे। ईरान भी हमले बंद करेगा। इस दौरान होर्मुज स्ट्रेट से तेल, गैस और अन्य जहाजों की सुरक्षित आवाजाही ईरानी सेना की मदद से सुनिश्चित की जाएगी। यह सीजफायर लेबनान समेत अन्य क्षेत्रों पर भी लागू होगा। इसके बाद अमेरिका और ईरान के बीच 10 अप्रैल को औपचारिक बातचीत पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुरू होगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने बताया कि ईरान ने अमेरिका को 10 पाइंट का प्लान भेजा है। उन्होंने कहा कि इस पर आगे बातचीत की जा सकती है। वहीं ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने दावा किया है कि अमेरिका ने उसका 10 पॉइंट प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है। काउंसिल के मुताबिक यह समझौता ईरान की शर्तों पर हुआ है और इसे देश की जीत बताया है।
सीजफायर के बाद ट्रम्प ने इसे दुनिया की शांति के लिए बड़ा दिन बताया है। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि ईरान अब संघर्ष से थक चुका है और शांति चाहता है। साथ ही अन्य पक्ष भी तनाव खत्म करने के पक्ष में हैं। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही को संभालने में मदद करेगा, ताकि व्यापार और सप्लाई सामान्य बनी रहे। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में कई सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे और इससे आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी।
ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान अब अपने देश के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर सकता है। अमेरिका इस दौरान सप्लाई उपलब्ध कराएगा और हालात पर नजर बनाए रखेगा। ट्रम्प ने भरोसा जताया कि यह दौर मिडिल ईस्ट के लिए ‘गोल्डन एज’ की शुरुआत साबित हो सकता है। अमेरिका और ईरान के बीच 2 हफ्ते के सीजफायर ऐलान के बाद इराक में जश्न का माहौल देखने को मिला है। राजधानी बगदाद में लोग सड़कों पर उतर आए और खुशी जताई।
सीजफायर के ऐलान पर इजराइल ने कहा है कि यह युद्धविराम लेबनान पर लागू नहीं होगा। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। इजराइल ने कहा कि वह ईरान के खिलाफ 2 हफ्ते तक हमले रोकने पर सहमत है, लेकिन यह फैसला इस शर्त पर लिया गया है कि ईरान तुरंत होर्मुज स्ट्रेट खोले और अमेरिका, इजराइल व क्षेत्रीय देशों पर सभी हमले बंद करे।बयान में कहा गया कि यह सीजफायर लेबनान को शामिल नहीं करता, यानी वहां इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष जारी रह सकता है।




