कोरोना काल में 10 खरब डॉलर बढ़ी अमेरिकी अरबपतियों की संपत्ति

एक अध्ययन में यह बात सामने आई है कि कोरोना काल में एक ट्रिलियन यानी 10 खरब डॉलर (7,38,29,85,00,00,000 रुपये) से ज्यादा का इजाफा हुआ है

Updated: Dec 15, 2020, 05:01 PM IST

Photo Courtesy: Amarujala
Photo Courtesy: Amarujala

जहां एक तरफ कोरोना वायरस ने लोगों की आर्थिक स्थिति को बिगाड़ दिया है, वहीं दूसरी तरफ कोरोना काल में अमेरिकी अरबपति मालामाल हो गए हैं। एक अध्ययन में यह बात सामने आई है कि कोरोना काल में 650 अमेरिकी अरबपतियों की संपत्ति में एक ट्रिलियन यानी 10 खरब डॉलर से ज्यादा का इजाफा हुआ है। रिपोर्ट में सामने आया है कि अमेरिकी अरबपतियों की संपत्ति इस दौरान 33 फीसदी से ज्यादा बढ़ी है।

इंस्टीट्यूट फॉर पॉलिसी स्टडीज (आईपीएस) की रिपोर्ट के अनुसार, 650 अरबपतियों की संपत्ति में 18 मार्च, 2020 और 24 नवंबर, 2020 के बीच 1.008 ट्रिलियन डॉलर का इजाफा हुआ। अब उनकी संयुक्त आय चार ट्रिलियन डॉलर के करीब है। इनमें से 29 अरबपतियों ने मार्च के बाद से अपनी संपत्ति को दोगुना कर लिया है। इतना ही नहीं इस दौरान 36 नए अरबपति भी बने हैं।

जानकारी के मुताबिक, सबसे ज्यादा इजाफा स्पेस एक्स और टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क की संपत्ति में हुआ है। कोरोना काल में मस्क की संपत्ति में 100 अरब डॉलर की वृद्धि हुई। मस्क के पास 18 मार्च को 24.6 अरब डॉलर थे जो 24 नवंबर को बढ़कर 126 अरब डॉलर हो गए। टेस्ला स्टॉक की वजह से मस्क की संपत्ति में 413 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जिसके बाद अब मस्क माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स से भी ज्यादा अमीर बना गए हैं।

वहीं अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस की संपत्ति में मार्च से 70.7 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। जबकि उनकी कंपनी पर कोरोना वायरस का का कहर बरपा था। कोविड-19 के कारण बेजोस की कंपनी के अनुमानित 20,000 कर्मचारी संक्रमित हुए। फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति में भी काफी इजाफा हुआ है। उनकी संपत्ति में 47.8 अरब डॉलर यानी 47 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।