9 महीने बाद अंतरिक्ष से रवाना हुईं सुनीता विलियम्स, कल सुबह साढ़े तीन बजे होगी समुद्र में लैंडिंग
अंतरिक्ष में फंसे एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर 9 महीने 13 दिन बाद पृथ्वी पर लौट रहे हैं। उन्हें एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स के ड्रैगन से लाया जा रहा है।

भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स आखिरकार बुधवार सुबह धरती पर लौटने वाली हैं। एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर 9 महीने 13 दिन से अंतरिक्ष में फंसे हुए थे। अब उन्हें एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स के ड्रैगन से धरती पर लाया जा रहा है।
उनके साथ इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में मौजूद क्रू-9 के दो और एस्ट्रोनॉट निक हेग और अलेक्सांद्र गोरबुनोव भी आज, 18 मार्च को स्पेस स्टेशन से रवाना हुए। चारों एस्ट्रोनॉट के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट में सवार होने के बाद सुबह 08:35 बजे इस स्पेसक्राफ्ट का हैच यानी, दरवाजा बंद हुआ और 10:35 बजे स्पेसक्राफ्ट इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से अलग हुआ। यह 19 मार्च को सुबह लगभग 3:27 बजे फ्लोरिडा के तट पर लैंड होगा।
यह भी पढ़ें: सच में है भगवान का अस्तित्व, हार्वर्ड के वैज्ञानिक ने साबित करने के लिए पेश किया ये फार्मूला
इस सफर में करीब 17 घंटे लगेंगे। नासा की ओर से इस इवेंट का एक अनुमानित शेड्यूल जारी किया गया है। इसमें मौसम के कारण बदलाव भी हो सकता है।नासा के अनुसार 19 मार्च को सुबह 2:41 बजे डीऑर्बिट बर्न शुरू होगा। यानी, कक्षा से उल्टी दिशा में स्पेसक्राफ्ट का इंजन फायर किया जाएगा। इसके बाद स्पेसक्राफ्ट की पृथ्वी के वातावरण में एंट्री होगी और सुबह फ्लोरिडा के तट पर पानी में लैडिंग होगी।
नासा अपने स्पेसएक्स कार्यक्रम के तहत इस वापसी यात्रा का सीधा प्रसारण करेगा। यह नासा और एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स का संयुक्त मिशन है, जिसे "स्पेसएक्स क्रू 9" कहा जाता है। बता दें कि सुनीता विलियम्स और बैरी बुच विल्मोर की यह यात्रा वास्तव में 9 महीने पहले ही पूरी होनी थी। उन्हें आठ दिन के मिशन के बाद अंतरिक्ष से वापस आना था, लेकिन तकनीकी कारणों से उनकी वापसी में असामान्य रूप से देरी हो गई।
स्पेसएक्स के फाउंडर एलन मस्क ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा कि वह दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को पहले ही वापस ला सकते थे, लेकिन राजनीतिक कारणों से उनकी वापसी रोकी गई। हाल ही में फॉक्स न्यूज पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ एक साक्षात्कार में मस्क ने कहा कि उन्हें राजनीतिक कारणों से वहां छोड़ दिया गया, जो अच्छा नहीं है।
सुनीता विलियम्स, जो इस साल सितंबर में 60 वर्ष की हुईं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध भारतीय मूल की दूसरी अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री हैं। उनसे पहले कल्पना चावला यह उपलब्धि हासिल कर चुकी थीं, लेकिन 2003 में कोलंबिया स्पेस शटल दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई थी। सुनीता विलियम्स का जन्म 1965 में हुआ था। उनके पिता दीपक पांड्या गुजरात से हैं, जबकि उनकी मां उर्सुलाइन बोनी पांड्या (जालोकर) स्लोवेनिया से हैं।