मोरक्को में भूकंप ने मचाई भारी तबाही, मौत का आंकड़ा बढ़कर हुआ 632, 329 लोग घायल
अफ्रीकी देश मोरक्को में जबरदस्त भूकंप के झटके आए हैं। इसकी वजह से 600 से ज्यादा लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।

मोरक्को शनिवार सुबह जबरदस्त भूकंप के झटकों से हिल उठा। ये देश के इतिहास में अब तक सबसे तेज भूकंप रहा है। भूकंप की वजह से 600 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। मोरक्को में आए भूकंप से ऐतिहासिक शहर मराकेश तबाह हो गया। यहां कई ऐतिहासिक इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है।
पश्चिमी अफ्रीका में मौजूद इस देश में आए भूकंप की वजह से अबतक 632 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कम से कम 329 लोग घायल हैं। भूकंप की वजह से मराकेश शहर बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। यहां बिजली गुल हो चुकी है। भूकंप का असर इंटरनेट सेवाओं पर भी दिखा है। बिजली गुल होने से नेटवर्क टावर बंद हो गए हैं, जिससे इंटरनेट बाधित हुआ है।
देश के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ जियोफिजिक्स के प्रमुख का कहना है कि शनिवार सुबह आया भूकंप 100 सालों में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप है। उन्होंने कहा कि भूकंप का केंद्र दक्षिण-पश्चिम मोरक्को में अल-हौज क्षेत्र था। यह मराकेश से करीब 71 किलोमीटर दूर था। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने भूकंप की जानकारी देते हुए बताया कि भूकंप के झटके रात के करीब 11:11 बजे महसूस किए गए।
Tizint tasset Village in Taroudant region. People are under rubbel. Locals need help ASAP !! SOS #morocco #moroccoearthquake @HanaeEster @us_ain pic.twitter.com/XQZaRULe5h
— Soumia ⵙⵓⵎⵉⴰ (@soumiajlo) September 9, 2023
इस भूकंप के झटके का एपीसेंटर मारकेश से 71 किलोमीटर दूर 18.5 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप के झटके की वजह से स्थानीय लोगों को काफी नुकसान हुआ है। कई लोगों की जान चली गई है। बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में तबाही का मंजर देखा जा सकता है। सड़कों पर मलबा जमा है। भूकंप के झटके महसूस होते ही स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। लोग अपने घरों को छोड़कर सड़कों पर निकल आए। मीडिया से बातचीत करते हुए एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि भूकंप आने के कुछ ही समय के बाद सड़कों पर कई एंबुलेंस देखी गई, जो इमारतें गिरी हैं उसमें अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है।
भूकंप रूपी इस प्रलय के बाद पीएम मोदी ने संवेदनाएं व्यक्त कीं। पीएम मोदी ने मोरक्को को हर संभव मदद देने का ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, 'मोरक्को में भूकंप के कारण हुई जानमाल की हानि से अत्यंत दुख हुआ। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं मोरक्को के लोगों के साथ है। उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। भारत इस कठिन समय में मोरक्को को हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।'