अमेरिका के मैरीलैंड में जहाज टकराने से ढह गया नदी पर बना ब्रिज, श्रीलंका जा रहा था कार्गो शिप

पुल से टकराने के बाद जहाज में आग लग गई। सिंगापुर के झंडे वाला यह जहाज श्रीलंका की राजधानी कोलंबो जा रहा था।

Updated: Mar 26, 2024, 07:22 PM IST

मैरीलैंड। अमेरिका के मैरीलैंड में एक कार्गो जहाज के टकराने से भारी भरकम 'फ्रांसिस स्कॉट की' ब्रिज ढह गया। जहाज का नाम दाली बताया जा रहा है। पुल ढहने की वजह से इस पर मौजूद कई गाड़ियां और लोग पानी में गिर गए।

न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, घटना अमेरिकी समयानुसार रात करीब डेढ़ बजे हुई। पुल से टकराने के बाद जहाज में आग लग गई। सिंगापुर के झंडे वाला यह जहाज श्रीलंका की राजधानी कोलंबो जा रहा था। इसे रवाना हुए कुछ ही समय हुआ था। यह 22 अप्रैल को श्रीलंका पहुंचने वाला था। 

फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक अब तक 7 लोग लापता हैं, 2 लोगों को पानी निकाला गया। इनमें एक की हालत गंभीर है। जबकि जहाज का क्रू सुरक्षित है। मैरीलैंड के ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी ने बताया है कि हादसे के वक्त कई कर्मचारी भी ब्रिज पर मौजूद थे। वो रिपेयरिंग से जुड़ा कुछ काम कर रहे थे।

हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पुल पर कितने लोग मौजूद थे और वे अब किस स्थिति में हैं। मैरीलैंड ट्रांसपोर्टेशन अथॉरिटी ने बताया कि ब्रिज पर हादसे के बाद सभी लेन बंद कर दी गई हैं और ट्रैफिक रोक दिया गया है। बताया जा रहा है दाली जहाज 948 फीट लंबा था। फ्रांसिस की ब्रिज को 1977 में पेटाप्सको नदी के ऊपर बनाया गया। इसका नाम अमेरिका का राष्ट्रगान लिखने वाले फ्रांसिस स्कॉट की के नाम पर रखा गया है।