कैरेबियाई देश हैती के राष्ट्रपति जोवेनेल मोइस की हत्या, प्रथम महिला को भी मारी गोली, हालत गंभीर

अज्ञात हमलावरों ने हैती के राष्ट्रपति जोवेनेल मोइस की हत्या कर दी, उनकी पत्नी पर भी फायर किया गया, अंतरिम प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति के निधन की पुष्टि की है, फरवरी 2021 में राष्ट्रपति ने अपनी जान के खतरे को लेकर किया था आगाह

Updated: Jul 07, 2021, 11:54 AM IST

Photo Courtesy: reuters
Photo Courtesy: reuters

कैरेबियाई देश हैती के राष्ट्रपति जोवेनेल मोइस की हत्या हो गई है। राष्ट्रपति के निजी आवास पर अज्ञाक हमलावरों के समूह ने उनकी हत्या कर दी। आरोपियों ने प्रथम महिला पर भी फायर किया। जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है। राष्ट्रपति की हत्या की पुष्टि अंतरिम प्रधानमंत्री क्लाउड जोसेफ ने बुधवार को की है। उन्होंने बताया है कि मंगलवार देर रात अज्ञात व्यक्तियों के एक समूह ने हैती के राष्ट्रपति जोवेनेल मोइस के आवास पर हमला किया और उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। इन लोगों ने हैती की प्रथम महिला और राष्ट्रपति की पत्नी और देश की प्रथम महिला मार्टिनी मोइसे पर भी हमला किया है, फिलहाल वे अस्पताल में भर्ती हैं।

अंतरिम प्रधानमंत्री क्लाउड जोसेफ ने इस घटना को घृणित, अमानवीय और नृशंस हरकत करार देते हुए निंदा की है। उन्होंने बताया है कि हैती की नेशनल पुलिस और अन्य अधिकारी देश की स्थिति पर नियंत्रण बनाए हुए हैं। राष्ट्रपति की हत्या से देश में राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता का संकट बढ़ गया है। अज्ञात लोगों द्वारा राष्ट्रपति की हत्या की घटना से देश भर में दहशत का माहौल है, राजनैतिक उथल पुथल मच गई है।  

दरअसल हैती के राष्ट्रपति जोवेनेल मोइस ने इसी साल की शुरूआत में अपनी जान के खतरे की आशंका जताई थी। उन्होंने कहा था कि कुछ लोग उनकी हत्या और उनकी सरकार को उखाड़ फेंकने की कोशिश कर रह हैं। तब पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया था। राष्ट्रपति जोवेनेल मोइस का दावा था कि उनकी हत्या की साजिश नवंबर, 2020 से हो रही थी। साजिश में कई हाई प्रोफाइल लोगों को शामिल होने की ओर उन्होंने इशारा किया था। उस दौरान गिरफ्तार लोगों में सुप्रीम कोर्ट का एक जज भी था, जिसे विपक्ष की ओर से समर्थन मिला हुआ था।