MP: बड़वानी में टैंकर से टकराई बारातियों से भरी कार, 5 लोगों की मौत और 3 घायल

बड़वानी के जुलवानिया में मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। बारातियों की कार को तेज रफ्तार टैंकर ने रौंद दिया। हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 3 गंभीर रूप से घायल हो गए।

Updated: Apr 21, 2026, 07:42 PM IST

बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में पांच बारातियों की मौत हो गई। जबकि, तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। खरगोन बड़वानी रोड पर जुलवानिया टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार टैंकर ने फोर व्हीलर वाहन को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि, दो अन्य की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उस ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, सभी लोग राजपुर क्षेत्र में एक बारात में शामिल होने आए थे। बारात के दौरान वाहन में डीजल खत्म होने पर कुछ युवक जुलवानिया डीजल लेने गए थे। लौटते समय टोल प्लाजा के पास खरगोन की ओर से आ रहे टैंकर ने उनकी कार को टक्कर मार दी थी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई लोग उसमें फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जुलवानिया पहुंचाया गया।

यह भी पढ़ें:खरगोन में किसान ने जहर पीकर दी जान, जमीन सौदे में व्यापारी द्वारा ठगे जाने से था परेशान

पुलिस के अनुसार, मृतकों में सचिन गोकूल वास्कले, प्रदुम्य सहते, पप्पू, आकाश और यशवंत सुपड़िया शामिल हैं। तीन की मौत घटनास्थल पर हुई थी। वहीं, एक घायल ने जुलवानिया स्वास्थ्य केंद्र में दम तोड़ा था। जबकि, एक अन्य ने बड़वानी के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान जान गंवाई थी। घायलों में सुरेश मांगीलाल और सोहन झाबर समेत अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

जुलवानिया थाना प्रभारी राम कुमार पाटिल ने बताया कि हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया गया है। जबकि, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:MP: टीकमगढ़ में तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलटी, 11 लोग घायल, 4 की हालत गंभीर