Coronavirus India : चार लाख के पार पहुंचा कोरोना का आंकड़ा

Covid-19 : एक दिन में 15,400 नए मामले सामने आए, दुनिया में चौथे स्थान पर भारत

Publish: Jun 21, 2020, 10:37 PM IST

भारत में कोरोना का आंकड़ा चार लाख के पार पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 15,413 नए मरीज मिले हैं वहीं 306 संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। एक दिन में नए केस आने के मामले में यह अबतक का सबसे ज्यादा है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक देशभर में अबतक कुल 4,10,461 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, जिनमें 13,254 लोगों की मौत हुई है। वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या 1,69,451 है। राहत की बात ये है कि देशभर में अबतक कुल 2,27,756 मरीज इस महामारी से जंग जीतकर पूरी तरह से स्वस्थ्य हो गए हैं।

भारत में कोरोना संक्रमण के शनिवार को अबतक के रिकॉर्ड सबसे ज्यादा नए मामले आए हैं। वहीं देशभर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में प्रतिदिन 10 हजार से ज्यादा की वृद्धि हो रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के डाटा के अनुसार पिछले 24 घंटे में 306 लोगों की मौत हुई है। इस महामारी ने भारत में अबतक कुल 13,254 लोगों की जानें ली है। दुनियाभर में इस महामारी से अबतक 89 लाख 20 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं जिनमें 4 लाख 66 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। 

पिछले 8 दिनों में 1 लाख से ज्यादा नए मामलों के साथ भारत विश्व के सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों की सूची में चौथे स्थान पर है। भारत ने ब्रिटेन, स्पेन, इटली, फ्रांस और जर्मनी जैसे देशों को भी पीछे छोड़ दिया है। दुनियाभर में कोरोना प्रभावित देशों में सबसे आगे अमेरिका है जहां 23 लाख 30 हजार से ज्यादा लोग इस महामारी के चपेट में आए हैं, जिसमें तकरीबन एक लाख 22 हजार लोगों की मृत्यु हो चुकी है। अमेरिका के बाद ब्राजील का नंबर आता है जहां संक्रमितों का संख्या 10 लाख 70 हजार से ज्यादा है वहीं 50 हजार से ज्यादा मौतें हुई है। तीसरे पायदान पर रूस है जहां 5 लाख 76 हजार से ज्यादा केस हैं।