महाराष्ट्र: उद्धव ठाकरे की पार्टी फिर टूटी, 9 में से 6 सांसद हुए बागी

शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बागी सांसदों को गाली दी। राउत ने कहा कि ये बेईमान लोग हैं।

Updated: Jun 17, 2026, 03:36 PM IST

मुंबई। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) में एक बार फिर बड़ी टूट देखने को मिली है। पार्टी के 9 में से 6 सांसदों ने बगावत कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, छह सांसदों ने शिंदे गुट की शिवसेना में विलय के लिए बुधवार सुबह 9:30 बजे लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को चिट्ठी भेजी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चिट्ठी भेजने वाले सांसदों में नागेश पाटिल आष्टीकर और संजय दीना पाटिल का नाम शामिल है। संजय दीना पाटिल ने पार्टी छोड़ने की अटकलों को खारिज किया था। उन्होंने कहा- मैं उद्धव ठाकरे की पार्टी का सांसद हूं और इसी पार्टी में रहूंगा।

इधर, शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बागी सांसदों को गाली दी। राउत ने कहा कि ये बेईमान लोग हैं। बेईमानी उनके खून में हैं। राउत ने बाद में गाली वाली बात पर स्पष्टीकरण देते हुए मीडिया से कहा कि मराठी में ऐसे शब्द आम बोलचाल का हिस्सा हैं।

शिवसेना में 4 साल के बाद यह दूसरी बार टूट हुई है। इससे पहले जून 2022 में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में 39 विधायक शिवसेना से अलग हो गए थे। बगावत से उद्धव ठाकरे सरकार गिर गई। बाद में शिंदे गुट को पार्टी का असली शिवसेना का नाम और धनुष-बाण सिंबल मिला।