अब इंस्टा और व्हाट्सएप इस्तेमाल करने के लिए भी देने होंगे पैसे, मेटा ने लॉन्च किया नया सब्सक्रिप्शन प्लान
मेटा ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के लिए नए पेड 'प्लस' सब्सक्रिप्शन और एडवांस मेटा एआई प्लान लॉन्च किए हैं। अब यूजर्स को एक्सक्लूसिव फीचर्स के लिए हर महीने पैसे चुकाने होंगे।
सोशल मीडिया दिग्गज मेटा ने दुनिया भर के यूजर्स के लिए इंस्टाग्राम, फेसबूक, और व्हाट्सएप के नए पेड सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च करने का ऐलान किया है। कंपनी ने इन प्लेटफॉर्म्स के प्लस वर्जन पेश किए हैं। इनमें सामान्य यूजर्स की तुलना में ज्यादा कस्टमाइजेशन, एक्सक्लूसिव फीचर्स और एडवांस टूल्स मिलेंगे। मेटा ने साथ ही मेटा एआई आधारित नए प्रीमियम प्लान्स की टेस्टिंग भी शुरू कर दी है। कंपनी का यह कदम इस बात का संकेत माना जा रहा है कि अब वह सिर्फ विज्ञापनों पर निर्भर रहने के बजाय सब्सक्रिप्शन मॉडल से भी कमाई बढ़ाने की रणनीति अपना रही है।
मेटा के अनुसार, इंस्टाग्राम प्लस और फेसबूक प्लस का मासिक शुल्क 3.99 डॉलर यानी करीब 382 रुपये रखा गया है। जबकि, व्हाट्सएप प्लस के लिए यूजर्स को 2.99 डॉलर यानी लगभग 287 रुपये प्रति महीना खर्च करने होंगे। इन प्लान्स के जरिए यूजर्स को कई ऐसे फीचर्स मिलेंगे जो अभी सामान्य अकाउंट्स में उपलब्ध नहीं हैं।
यह भी पढ़ें:अमेरिका और ईरान में फिर छिड़ी जंग, हॉर्मूज स्ट्रेट के पास अमेरिकी टैंकर पर गोलीबारी
इंस्टाग्राम प्लस में यूजर्स यह देख सकेंगे कि उनकी स्टोरी कितनी बार दोबारा देखी गई है। इसके अलावा क्लोज फ्रेंड्स फीचर से आगे बढ़कर अलग-अलग कस्टम ऑडियंस लिस्ट बनाने का विकल्प मिलेगा। यूजर्स हर सप्ताह एक स्टोरी को ज्यादा रीच के लिए स्पॉटलाइट भी कर पाएंगे। स्टोरी को 24 घंटे से ज्यादा समय तक बनाए रखने, बिना नाम दिखाए किसी की स्टोरी देखने और स्टोरी वियूअर लिस्ट में सर्च करने जैसे फीचर्स भी शामिल किए गए हैं।
इसके अलावा इंस्टाग्राम प्लस यूजर्स बिना फीड में दिखाए पोस्ट को सीधे हाइलाइट्स में जोड़ सकेंगे। कंपनी ने सुपर हर्ट स्टोरी रिएक्शन, कस्टम ऐप आइकन्स, प्रोफाइल बायो के लिए अलग-अलग फॉन्ट्स और प्रोफाइल पर ज्यादा पिन्स लगाने जैसे फीचर्स भी शामिल किए हैं। फेसबूक प्लस में भी प्रोफाइल कस्टमाइजेशन, सोशल एक्सप्रेशन टूल्स, ऑडियंस इनसाइट्स और एंगेजमेंट फीचर्स दिए जाएंगे। यह खासतौर पर कंटेंट क्रिएटर्स और एक्टिव यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं।
यह भी पढ़ें:MP: केवाईसी अपडेट के नाम पर साइबर ठगी, फैक्ट्री कर्मचारी के खाते से उड़ाए 1.63 लाख रुपए
वहीं, व्हाट्सएप प्लस में यूजर्स को ऐप थीम बदलने, कस्टम रिंगटोन्स सेट करने, ज्यादा चैट्स पिन करने और चैट लिस्ट को अपनी पसंद के मुताबिक कस्टमाइज करने का विकल्प मिलेगा। इसके साथ प्रीमियम स्टिकर्स और मैसेजिंग को ज्यादा पर्सनलाइज करने वाले फीचर्स भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
मेटा ने इसके साथ ही नए एआई आधारित सब्सक्रिप्शन मॉडल मेटा वन की टेस्टिंग शुरू कर दी है। कंपनी मेटा वन प्लस और मेटा वन प्रीमियम नाम से दो नए प्लान ला रही है। मेटा वन प्लस की कीमत 7.99 डॉलर प्रति महीना और मेटा वन प्रीमियम की कीमत 19.99 डॉलर प्रति महीना बताई गई है। दोनों प्लान्स में एआई फीचर्स मिलेंगे लेकिन प्रीमियम यूजर्स को ज्यादा कंप्यूटिंग क्षमता और बड़े एआई टास्क के लिए अतिरिक्त सपोर्ट मिलेगा।
जानकारी के मुताबिक, मेटा वन इसेंशियल नाम का एक और प्लान भी तैयार किया जा रहा है। इसकी कीमत 14.99 डॉलर प्रति महीना हो सकती है। इसमें वेरिफाइड बैज, फर्जी अकाउंट्स से सुरक्षा और अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ऑनलाइन पहचान मजबूत करने के लिए एडवांस लिंकशीट जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। यह प्लान खासतौर पर क्रिएटर्स और प्रोफेशनल यूजर्स को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:ग्वालियर में रिटायर्ड BSF जवान ने ससुर-दामाद पर बरसाईं गोलियां, सरकारी जमीन को लेकर हुआ था विवाद
कंपनी मेटा वन एडवांस्ड नाम से सबसे प्रीमियम प्लान की भी तैयारी कर रही है। इसकी संभावित कीमत 49.99 डॉलर प्रति महीना बताई जा रही है। इस प्लान में फेसबुक फीड और सर्च रिजल्ट्स में ज्यादा विजिबिलिटी, एडवांस एनालिटिक्स, ऑडियंस इनसाइट्स, पोस्ट शेड्यूलिंग और मॉडरेटर एक्सेस जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं। इसके अलावा यदि कोई यूजर के ओरिजिनल कंटेंट का दोबारा इस्तेमाल करता है तो अलर्ट भी मिलेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेटा एआई का बेसिक वर्जन सामान्य यूजर्स के लिए मुफ्त रहेगा लेकिन पेड प्लान लेने वालों को ज्यादा एडवांस एआई टूल्स मिलेंगे। इनमें बेहतर रीजनिंग क्षमता, फोटो और वीडियो जनरेशन के पावरफुल फीचर्स और बड़े एआई टास्क को संभालने की क्षमता शामिल होगी। कंपनी इन एआई फीचर्स को इंस्टाग्राम, फेसबूक और व्हाट्सएप जैसे सभी मेटा प्लेटफॉर्म्स में इंटीग्रेट करने की तैयारी में है।
मेटा ने संकेत दिए हैं कि आने वाले हफ्तों में इन सब्सक्रिप्शन प्लान्स में और भी सुविधाएं जोड़ी जाएंगी। खासतौर पर एआई ग्लासेस और प्रोफेशनल क्रिएटर टूल्स का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को अतिरिक्त लाभ दिए जा सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन एआई प्लान्स की शुरुआती टेस्टिंग सिंगापुर, ग्वाटेमाला और बोलिविया जैसे चुनिंदा बाजारों में अगले सप्ताह से शुरू होगी।
यह भी पढ़ें:12 हफ्तों में बालों की ग्रोथ बढ़ाने में मदद कर सकता है मोरिंगा, जानिए सेवन और इस्तेमाल का सही तरीका




