भारत में गर्मी का कहर, दुनिया के सबसे गर्म 22 शहर यहीं, 47 डिग्री पार पहुंचा पारा

देश में भीषण गर्मी और लू से हाहाकार मचा है। शुक्रवार को दुनिया के 22 सबसे गर्म शहर भारत में दर्ज हुए। इनमें 13 अकेले यूपी के हैं।

Updated: May 22, 2026, 07:37 PM IST

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। अगले तीन दिनों तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं। AQI वेदर के अनुसार, शुक्रवार दोपहर 3 बजे दुनिया के 22 सबसे गर्म शहर भारत में दर्ज किए गए। यहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा था। इनमें सबसे ज्यादा 13 शहर उत्तर प्रदेश के थे। ओडिशा का बोलांगीर और बिहार का सासाराम सबसे अधिक गर्म इलाकों में शामिल रहे थे। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

भीषण गर्मी का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। बिहार की राजधानी पटना और गया में प्रशासन ने 22 से 26 मई तक पांचवीं कक्षा तक के स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। वहीं, मधेपुरा और सहरसा में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। पंजाब सरकार ने भी बढ़ती गर्मी को देखते हुए सरकारी दफ्तरों और स्कूलों का समय बदल दिया है। अब स्कूल और सरकारी कार्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होंगे।

यह भी पढ़ें:CSK-MI की तरह बिहार की भी होनी चाहिए अपनी IPL टीम, वेदांता चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने रखी मांग

मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को देश के 35 शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इसकी वजह से लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। कई राज्यों में वार्म नाइट की स्थिति बनी हुई है।

राजस्थान में शुक्रवार को गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यहां दिन के साथ रातें भी बेहद गर्म रहेंगी। वहीं, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी लू चलने की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर पूर्वोत्तर राज्यों, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश का अनुमान है।

यह भी पढ़ें:MP: भीषण गर्मी की चपेट में NCC कैडेट्स, जबलपुर कैंप में 31 बीमार

24 मई को भी देश के बड़े हिस्से में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। बिहार, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में उमस भरा मौसम लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और झारखंड में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और तूफान की चेतावनी भी जारी की है।

मध्य प्रदेश में अगले 10 दिनों तक गर्मी चरम पर रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है, जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राज्य में 31 मई तक लू जैसे हालात बने रहने की संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें:CG: बिलासपुर में म्यूल अकाउंट सिंडिकेट का खुलासा, छात्रों और मजदूरों के खातों से करोड़ों की साइबर ठगी

उत्तर प्रदेश में भी हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज समेत 10 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। बांदा लगातार पांचवें दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहां तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज में 46.6 डिग्री, वाराणसी में 45.6 डिग्री और हमीरपुर व सुल्तानपुर में 45.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने अलवर, भरतपुर, जयपुर, दौसा, सीकर और झुंझुनूं में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, राज्य के 24 जिलों में हीटवेव की चेतावनी भी जारी की गई है। श्रीगंगानगर लगातार दूसरे दिन 45.1 डिग्री तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक हीटवेव का असर बना रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

यह भी पढ़ें:BJP विधायक का ब्लैकलिस्टेड वेयरहाउस बना गेहूं खरीदी केंद्र, दो महीने पहले ही खाद्य विभाग ने की थी कार्रवाई