जेल से जिंदा लौटना मुश्किल, ब्रेन हैमरेज या हार्ट अटैक से मर जाऊंगा, पूर्व पाकिस्तानी पीएम इमरान खान ने जजों को लिखी चिट्ठी

इमरान खान ने कहा कि वह अदालतों से कोई विशेष रियायत नहीं मांग रहे, बल्कि अपने और पत्नी के लिए उचित इलाज तथा न्यायालय के आदेशों के पालन की मांग कर रहे हैं।

Updated: Nov 17, 2026, 01:41 PM IST

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान ने जेल में अपनी बिगड़ती सेहत और पत्नी बुशरा बीबी की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर देश की शीर्ष अदालतों के मुख्य न्यायाधीशों को खुला पत्र लिखा है। रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद इमरान खान ने आरोप लगाया है कि उन्हें प्रतिदिन 22 घंटे तक एकांत कारावास में रखा जा रहा है। उन्हें परिवार के सदस्यों और वकीलों से मिलने, बेटों से फोन पर बात करने, किताबें पढ़ने और टेलीविजन देखने तक की अनुमति नहीं दी जा रही है।

इमरान खान ने अपने वकील बैरिस्टर सलमान सफदर के माध्यम से 16 नवंबर को यह पत्र पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट, फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट और इस्लामाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को भेजा है। पत्र में उन्होंने अपने और पत्नी बुशरा बीबी के लिए तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा सुप्रीम कोर्ट के पुराने आदेशों को लागू करने की मांग की है।

पत्र में इमरान खान ने दावा किया कि 20 दिसंबर 2025 से उन्हें बाहरी दुनिया से पूरी तरह अलग कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक एकांत कारावास और लोगों से बातचीत पर पाबंदी का उनकी मानसिक और शारीरिक सेहत पर गंभीर असर पड़ा है। जेल के मेडिकल बोर्ड ने भी उनकी चिंता और मानसिक तनाव को दर्ज किया था और परिवार से नियमित मुलाकात, पढ़ने के लिए सामग्री तथा टेलीविजन की सुविधा देने की सलाह दी थी, लेकिन इसका पालन नहीं किया गया।

इमरान खान ने अपनी आंखों की रोशनी को लेकर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि फरवरी में उनके वकील सलमान सफदर ने मुलाकात के दौरान पाया था कि उनकी दाहिनी आंख की 85 प्रतिशत रोशनी जा चुकी है। इमरान के मुताबिक, इस स्थिति की जानकारी उनके परिवार और वकीलों को भी नहीं दी गई थी। उन्होंने दावा किया कि पूरे साल में उन्हें अपने वकीलों से केवल चार बार मिलने की अनुमति मिली है।

पत्र में उन्होंने पत्नी बुशरा बीबी की सेहत का भी जिक्र किया। इमरान ने दावा किया कि अप्रैल में बुशरा बीबी की आंख की रेटिना से जुड़ी गंभीर समस्या के बाद सर्जरी कराई गई थी। इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं दी जा रही है। इमरान के मुताबिक, हाल ही में पत्नी से मुलाकात के दौरान वह रोशनी भी बर्दाश्त नहीं कर पा रही थीं। उन्होंने आशंका जताई कि समय पर दूसरी सर्जरी नहीं हुई तो उनकी आंखों की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती है।

इमरान खान ने अपने रक्तचाप में लगातार हो रही बढ़ोतरी का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 10 नवंबर को उनका ब्लड प्रेशर 192 और 193 तक पहुंच गया था। डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन हेमरेज और हार्ट अटैक का गंभीर खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि 74 साल की उम्र में लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति उन्हें ऐसी हालत में पहुंचा रही है, जहां से शायद वह जिंदा वापस न लौट सकें।

उन्होंने पत्र में सुप्रीम कोर्ट के 18 अगस्त के आदेश का भी हवाला दिया। इमरान के अनुसार, अदालत ने उन्हें दो दिनों के भीतर इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में शिफ्ट करने और मेडिकल बोर्ड से जांच कराने का निर्देश दिया था, लेकिन अब तक इस आदेश का पालन नहीं हुआ है।

इमरान खान ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन पाकिस्तान के लिए क्रिकेट, समाजसेवा और देश के 22वें प्रधानमंत्री के रूप में काम करते हुए बिताया है। उन्होंने कहा कि वह अदालतों से कोई विशेष रियायत नहीं मांग रहे, बल्कि अपने और पत्नी के लिए उचित इलाज तथा न्यायालय के आदेशों के पालन की मांग कर रहे हैं। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि उन्हें न्याय मिलने में इतनी देर न की जाए कि बहुत देर हो जाए, क्योंकि जिंदा रहने पर ही वह अपनी बेगुनाही साबित कर पाएंगे।

हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने जेल में इमरान खान को उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के आरोपों को खारिज किया है। सरकार का कहना है कि उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है और उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।