जापान में मिला कोरोना का नया स्ट्रेन

दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड में मिले नए स्ट्रेन के मुकाबले अधिक संक्रामक होने की आशंका, जापान में मिले नए स्ट्रेन में कुल 12 म्यूटेशन

Updated: Jan 11, 2021, 06:01 PM IST

Photo Courtesy: Kodyo News
Photo Courtesy: Kodyo News

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका और इंगलैंड में मिले कोरोना के नए स्ट्रेन के बाद अब जापान में भी कोरोना का नया स्ट्रेन मिला है। यह स्ट्रेन ब्राज़ील से जापान आए यात्रियों में पाया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जापान में पाया गया स्ट्रेन दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड में आए नए स्ट्रेन से अलग है। लेकिन इसके ज़्यादा संक्रामक होने की आशंका है। 

जापान में मिले कोरोना के नए स्ट्रेन के बाद अब जापान के वैज्ञानिकों के इस नए स्ट्रेन के बारे में जानकारी जुटाने की कवायद शुरू कर दी है। इसकी स्टडी जापान में शुरू कर दी गई है। चूंकि इसकी स्टडी अभी प्रारंभिक दौर में ही है इसलिए यह बताना कठिन है कि जापानी स्ट्रेन दक्षिण अफ्रीका और इंगलैंड के स्ट्रेन से कितना अधिक या कम संक्रामक है। 

हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स में ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से बताया जा रहा है कि जापानी स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इस नए स्ट्रेन में 12 म्यूटेशन हैं। इनमें से एक म्यूटेशन इंगलैंड और दक्षिण अफ्रीका में पाए गए म्यूटेशन जैसा ही है। लिहाज़ा इंगलैंड और दक्षिण अफ्रीका में मिले नए स्ट्रेन के मुकाबले इसके अधिक संक्रामक होने की संभावना ज़्यादा है। 

दरअसल बीते दो जनवरी को ब्राज़ील से कुल चार यात्री जापान आए थे। टोक्यो एयरपोर्ट पहुंचे चार यात्रियों में से एक को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, जबकि एक महिला यात्री को सिर दर्द और गले में दर्द की शिकायत थी। तीसरे यात्री को बुखार था। वहीं एक अन्य यात्री में किसी तरह का कोई लक्षण नहीं दिखा था। लेकिन एहतियातन चारों को क्वारंटाइन कर दिया गया। इसके तुरंत बाद जापान ने ब्राज़ील की सरकार और विश्व स्वास्थ्य संगठन को कोरोना के नए स्ट्रेन की जानकारी दे दी गई थी।