भावनाएं भड़काकर राजनीति करती है बीजेपी, वक्फ संशोधन अधिनियम पर बरसे दिग्विजय सिंह
राणा सांगा के मुद्दे पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि उनके जैसा वीर हमारे इतिहास में कम हुए हैं, उनके शरीर पर 100 से ज्यादा घाव थे उनके विरुद्ध किसी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी करना गलत है।

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने राणा सांगा के खिलाफ बयानबाजी पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने यह भी कहा कि इसे लेकर किसी के घर में तोड़फोड़ करना भी उचित नहीं है। वक्फ संशोधन अधिनियम पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंह ने कहा कि भाजपा भावनाएं भड़काकर राजनीति करती है।
ग्वालियर में इंटक के अधिवेशन में शामिल होने पहुंचे दिग्विजय सिंह ने मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि राणा सांगा जैसे वीर हमारे इतिहास में कम हुए हैं। उनके शरीर पर 100 से ज्यादा घाव थे। उनके अंग-अंग पर चोट थी। उनके विरुद्ध किसी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी करना गलत है। लेकिन यदि किसी व्यक्ति ने ऐसा कह भी दिया है, तो उसका घर जला दें, उसकी गाड़ी जला दो, ये करने का अधिकार लोकतंत्र में किसी को भी नहीं है।
यह भी पढ़ें: बैठक के बीच फूटा सीएम मोहन यादव का गुस्सा, एक के बाद एक चार अफसरों को किया सस्पेंड
वक्फ संशोधन अधिनियम के सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि हम इस बिल के खिलाफ हैं, क्योंकि बुनियादी तौर पर भारतीय संविधान में अल्पसंख्यकों के अधिकारों के संरक्षण की बात है। उनके अधिकारों को छीनने का ये कुटिल प्रयास है। सिंह ने कहा इस देश में पिछले 10-11 साल में यह पूरी सरकार केवल हिंदू-मुसलमान के अलावा दूसरा कोई काम नहीं कर रही है। भाजपा सिर्फ भावनाएं भड़काकर राजनीति करती है।
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा बेरोजगार युवाओं को नए संबोधन आकांक्षी युवा कहने पर भी दिग्विजय सिंह ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं देना, उन्हें नए-नए नाम देना यही इस सरकार का काम है। हालत यह है उन्हें रोजगार नहीं मिल रहा है। राज्य में परीक्षाएं हो जाती हैं, उसका नतीजा नहीं आता। नर्सिंग घोटाला सब जानते हैं, आज तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पहले शहर और गली, मोहल्ले का नाम बदल थे। अब बेरोजगारों का भी नाम बदल दिया। बेरोजगारों को सिर्फ सम्मान दे रहे हैं, रोजगार नहीं दे रहे।