Lebanon: धमाके से दहली राजधानी बेरूत, 75 से ज़्यादा की मौत
Beirut Blast: विस्फोट शहर के बंदरगाह क्षेत्र में हुआ, वायरल फुटेज में बंदरगाह से धुआं निकलता दिख रहा है जिसके बाद हुआ विस्फोट

लेबनान की राजधानी बेरूत मंगलवार को भीषण धमाके से दहल उठी। इस भीषण विस्फोट में 75 से ज़्यादा लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी वहीं तकरीबन 2,700 लोगों के घायल होने की सूचना है। हाल के वर्षों की इस सबसे भीषण धमाके से राजधानी बेरूत में कई इमारतों की बालकनी धराशाई हो गईं। धमाका कैसे हुआ इस बात की जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है। यह धमाका इतना तेज था कि घटनास्थल से कई किलोमीटर दूर तक इसकी आवाजें सुनाई दी वहीं शहर के कई हिस्से हिल गए। इजरायल ने इस धमाके में अपना हाथ होने से इंकार किया है।
लेबनान की न्यूज़ एजेंसी एनएनए ने बताया है कि यह धमाका शहर के बंदरगाह क्षेत्र में हुआ है। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक इस क्षेत्र में केमिकल रखे गए थे। सोशल मीडिया पर इस भीषण धमाके के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं जिसमें देखा जा सकता है कि बंदरगाह से धुआं निकल रहा है और उसके बाद दिल दहला देने वाला धमाका होता है। आशंका जताई जा रही है कि हादसे में मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। धमाके के दौरान जब धरती थर्राई तो लोगों को पहले लगा कि भूकंप आया है और वे इधर-उधर बदहवास भागने लगे। बाद में स्थिति स्पष्ट होने के बाद लोग अपनों की तलाश में घटनास्थल पर पहुंचे जहां हजारों लोगों की भीड़ लग गयी।
مشهد مروع..
— وكالة شهاب (@ShehabAgency) August 4, 2020
لحظة حدوث انفجار ضخم في مرفأ #بيروت خلف اضرار كبيرة وإصابات pic.twitter.com/wCRR258wYY
बताया जा रहा है कि जिस जगह पर विस्फोट हुआ है वह बंदरगाह के नजदीक का इलाका है और वहां पर कई निजी कंपनियों के गोदाम हैं। सूत्रों ने किसी केमिकल के गोदाम में विस्फोट होने की भी आशंका जताई है। मामले में जांच कार्य शुरू हो गया है। स्थानीय लोग विस्फोट के बाद के हालात के फुटेज स्थानीय लोग सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं। इनमें कई घायलों की हृदय विदारक स्थिति है। जानकारी के मुताबिक जिस बंदरगाह के पास यह धमाका हुआ है वहां वेयरहाउस भी है।
भारत ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
लेबनान में हुए इस हादसे पर भारत ने दु:ख जताया है और जल्द से जल्द इस संकट से बाहर आने की दुआ की है। लेबनान में भारतीय राजदूत संजय अरोड़ा ने कहा, 'लेबनान एक बेहद सुंदर और मैत्रीपूर्ण देश है। इस विनाशकारी घटना से परेशान हूं। पहले से कई चुनौतियों का सामना कर रहे इस देश के लिए यह दुखद घटना है।' इसके अलावा एंबेसी ने बेरूत में फंसे लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी की है। एंबेसी ने राजधानी में फंसे भारतीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी भारतीय नागरिक को मदद की जरूरत हो तो वह दूतावास के हेल्पलाइन नंबर 01741270, 01735922, 01738478 पर संपर्क कर सकते हैं।