अमेरिका में बर्फीले तूफान का कहर, 11 हजार उड़ानें रद्द, 6 लाख घरों में छाया अंधेरा
अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्से में भीषण नॉरईस्टर तूफान से हाहाकार मचा है। रिकॉर्डतोड़ 37 इंच बर्फबारी और तेज हवाओं के कारण 11,000 उड़ानें रद्द हुईं और 6 लाख घरों की बिजली गुल रही।
अमेरिका। अमेरिका के उत्तर पूर्वी हिस्से में आए भीषण नॉरईस्टर तूफान ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। तेज रफ्तार हवाओं और रिकॉर्डतोड़ बर्फबारी के कारण रविवार से मंगलवार के बीच 11,055 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई। इनमें से केवल सोमवार को ही लगभग 5,600 से 5,700 फ्लाइट्स कैंसिल हुई थी। यह आंकड़ा देशभर की कुल उड़ानों का करीब 20 प्रतिशत है। फ्लाइट ट्रैकिंग कंपनी FlightAware के मुताबिक, कई प्रमुख एयरपोर्ट्स पर रनवे अस्थायी रूप से बंद करने पड़े थे जिससे हवाई यातायात लगभग ठप हो गया था। एमट्रैक ने भी न्यूयॉर्क और बोस्टन के बीच ट्रेन सेवाएं सोमवार रात तक निलंबित रखीं थी जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।
तूफान का असर केवल हवाई और रेल सेवाओं तक सीमित नहीं रहा। भारी बर्फबारी और तूफानी हवाओं के चलते वर्जीनिया से लेकर मैसाचुसेट्स तक बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई। PowerOutage.com के अनुसार, सोमवार शाम 5:45 बजे तक 5,19,232 घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बिजली गुल थी। जिसकी वजह से कुल मिलाकर छह लाख से अधिक उपभोक्ता प्रभावित हुए। मैसाचुसेट्स में सबसे ज्यादा 2,82,024 और न्यू जर्सी में 93,090 स्थानों पर बिजली बाधित रही थी।
यह भी पढ़ें:पहाड़ों में बर्फबारी से बदला मौसम का मिजाज, MP समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 153 साल के इतिहास में पहली बार द बोस्टन ग्लोब का प्रिंट संस्करण प्रकाशित नहीं हो सका। भारी बर्फबारी के कारण कर्मचारी प्रिंटिंग प्रेस तक नहीं पहुंच पाए जिसके चलते अखबार का छपना संभव नहीं हो सका।
नेशनल वेदर सर्विस के मुताबिक, रोड आइलैंड और मैसाचुसेट्स के कुछ इलाकों में लगभग 37 इंच तक बर्फ दर्ज की गई। न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में रविवार से सोमवार के बीच करीब 20 इंच (लगभग 50 सेंटीमीटर) बर्फ गिरी। जबकि, लॉन्ग आइलैंड के इस्लिप में 22 इंच से अधिक बर्फबारी हुई। रोड आइलैंड के प्रोविडेंस में 32.8 इंच बर्फ दर्ज की गई जिसने 6-7 फरवरी 1978 के ऐतिहासिक तूफान के दौरान बने 28.6 इंच के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई राज्यों में आपातकाल घोषित करना पड़ा। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने पूरे राज्य में इमरजेंसी लागू कर नेशनल गार्ड को अलर्ट पर रखा है। न्यूयॉर्क सिटी में एहतियातन स्कूल, सड़कें, पुल और हाईवे अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए थे। हालांकि, सोमवार दोपहर के बाद हालात में सुधार होने पर मेयर ने अधिकांश ट्रैफिक प्रतिबंध हटा दिए और घोषणा की कि स्कूल भी मंगलवार से खोल दिए गए।
यह भी पढ़ें:अचानक ढह गया 400 करोड़ की लागत से बना रेलवे ओवरब्रिज, 4 साल पहले हुआ था निर्माण
मैसाचुसेट्स की गवर्नर मॉरा हीली ने राज्य के कुछ हिस्सों खासकर साउथ कोस्ट क्षेत्र में ट्रैवल बैन लागू किया और लोगों से घरों में रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि कई सड़कों पर गाड़ियां फंसी हुई हैं और टो ट्रकों को वहां तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। रोड आइलैंड के गवर्नर डैन मैकी ने भी पूरे राज्य में यात्रा प्रतिबंध लागू कर दिया।
दरअसल, नॉरईस्टर अमेरिका के पूर्वी तट पर आने वाला एक शक्तिशाली शीतकालीन तूफान होता है। जिसमें हवाएं आमतौर पर उत्तर पूर्व दिशा से चलती हैं। यह तब बनता है जब कनाडा की ओर से आने वाली बेहद ठंडी हवा अटलांटिक महासागर से उठने वाली गर्म और नम हवा से टकराती है। समुद्र का गर्म पानी हवा में नमी बढ़ाता है जो ठंडी हवाओं के संपर्क में आकर भारी बर्फबारी का कारण बनती है। ऊपरी वायुमंडल में बहने वाली तेज जेट स्ट्रीम इस प्रणाली को अतिरिक्त ऊर्जा देती है जिससे यह भीषण बर्फीले तूफान का रूप ले लेता है।
यह भी पढ़ें:हिमाचल के कुल्लू की मणिकर्ण घाटी में लैंडस्लाइड, बाल-बाल बचे पर्यटक




