देश में वोट की हो रही चोरी, BJP के साथ EC की मिलीभगत, राहुल गांधी ने सबूतों के साथ लगाए गंभीर आरोप
कर्नाटक लोकसभा चुनाव की बात करते हुए राहुल गांधी ने महादेवपुरा विधानसभा सीट की बात की। राहुल गांधी ने कहा, 1 लाख 250 वोट चोरी हुई। 11,965 डुप्लिकेट वोटर्स थे। 40 हजार से ज्यादा लोगों के फेक पते थे।

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को वोटर लिस्ट वैरिफिकेशन में गड़बड़ियों पर प्रजेंटेशन दिया। राहुल गांधी ने इस बार सबूतों के साथ निर्वाचन आयोग और बीजेपी को घेरा है। उन्होंने विस्तृत रूप से बताया कि आखिर किस तरह इस देश में चुनाव की चोरी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि भारत के संविधान की बुनियाद वोटिंग प्रणाली है, और ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाना बेहद जरूरी है कि क्या सही लोगों को ही वोट डालने का अधिकार मिल रहा है? राहुल गांधी ने सवाल किया कि क्या मतदाता सूची में फर्जी वोटर्स जोड़े गए हैं? और यदि हां, तो चुनाव आयोग को इस पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जनता जानना चाहती है कि वोटर लिस्ट सही है या उसमें गड़बड़ियां हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि वह मतदाता सूची की पारदर्शिता और उसकी शुद्धता पर स्पष्टीकरण जारी करे।
राहुल गांधी ने यह भी दोहराया कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए चुनाव प्रणाली पर सवाल उठाना जरूरी हो गया है। राहुल गांधी ने कहा कि ये वो सबूत हैं जो वोट चोरी को बताता है। विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि- महाराष्ट्र में 40 लाख वोट रहस्यमयी तरीके से जोड़े गए हैं। राहुल गांधी का आरोप है लोकसभा चुनाव 2024 और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के बीच इन मतदाताओं को जोड़ा गया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि चुनाव आयोग इलेक्ट्रॉनिक डेटा क्यों नहीं देता? हमने आयोग से बार-बार डेटा मांगा लेकिन हमें नहीं दिया गया।यहां तक कि चुनाव आयोग ने हमें जवाब देने से भी इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा कि एक समय था जब इलेक्ट्रॉनिक मशीन नहीं थी, पूरा देश एक दिन वोट करता था, लेकिन आज के जमाने में यूपी में अलग-अलग वोटिंग होती है। बिहार में कभी और हो रही है। महीनों के लिए चलती है। हम इसी को लेकर चिंतित है, महीनों के लिए वोटिंग क्यों चलती है। राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में 5 महीने में इतने वोटर जुड़े हैं जितने 5 साल में नहीं जुड़े। महाराष्ट्र की पूरी जनसंख्या से ज्यादा वोटर जुड़े हैं। जिससे और ज्यादा संदेह पैदा होता है। राहुल गांधी ने आगे कहा, चुनाव आयोग ने हमें वोटर लिस्ट देने से इनकार कर दिया।
राहुल गांधी ने एक लिस्ट दिखाई और बताया कि ऐसी लिस्ट होती है और एक व्यक्ति की फोटो को लेकर हम हर शीट में चेक करते हैं कि यह व्यक्ति का नाम दो बार तो नहीं आया है। इसने दो बार तो वोट नहीं किया है। राहुल गांधी ने कहा कि इस वोटर लिस्ट में कई लोगों के पिता के नाम के आगे कुछ भी लिखा गया है। वोटर लिस्ट में कई मकानों का एड्रेस शून्य हैं। डुप्लीकेट वोटरों की संख्या बहुत ज्यादा है। 11 हजार संदिग्ध ऐसे हैं, जिन्होंने तीन बार वोट डाला। ये लोग कहां से आ रहे हैं? एक ही पते पर 46 वोटर्स हैं।
कर्नाटक लोकसभा चुनाव की बात करते हुए राहुल गांधी ने महादेवपुरा विधानसभा सीट की बात की। राहुल गांधी ने कहा, 1 लाख 250 वोट चोरी हुई। 11,965 डुप्लिकेट वोटर्स थे। 40 हजार से ज्यादा लोगों के फेक पते थे। 10 हजार से ज्यादा एक ही एड्रेस पर बहुत सारे वोटर थे। 4 हजार से ज्यादा के इनवेलिड फोटो थे। 33 हजार से ज्यादा ने फोर्म 6 का मिसयूस किया।
राहुल गांधी ने बताया कि वोट चोरी पांच तरीकों से की जाती है। इनमें डुप्लीकेट वोटर्स, फेक और इनवैलिड एड्रेस, एक ही पते पर बल्क वोटर्स, इनवैलिड फोटो और फॉर्म 6 का दुरुपयोग शामिल है। राहुल गांधी ने कहा कि जो मैंने सबूत पेश किए वो क्रिमिनल एविडेंस है और इस चुनाव आयोग नष्ट करने में लगा है। एक हार्ड ड्राइव पर कई सालों का डेटा रख सकते हो, लेकिन चुनाव आयोग सीसीटीवी 45 दिनों में नष्ट कर रहा है, वो वोटर लिस्ट नहीं दे रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि अगर चुनाव आयोग हमें सीसीटीवी नहीं दे रहा है तो इसका मतलब है कि वो इसमें शामिल हैं।