इंदौर में अस्पताल के बाद एयरपोर्ट पर चूहों का आतंक, यात्री को घुटने में काटा

यात्री अरुण मोदी भोपाल के रहने वाले है। वे इंडिगो की फ्लाइट से बेंगलुरु जा रहे थे। मेडिकल टीम अरुण को मेडकल रूम ले गया हालांकि इंजेक्शन नहीं होने के कारण डॉक्टर ने उन्हें सिर्फ प्रिस्क्रिप्शन लिखकर दिया।

Publish: Sep 24, 2025, 04:26 PM IST

Photo Courtesy: Agniban
Photo Courtesy: Agniban

इंदौर। देवी अहिल्याबाई की नगरी इंदौर में चूहों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एमवाय अस्पताल के बाद अब इंदौर एयरपोर्ट से चूहा काटने का मामला सामने आया है। यहां देवी अहिल्याबाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक यात्री की पेंट में चूहा घुस गया और उसे काट लिया। यात्री ने जब एयरपोर्ट प्रबंधन से मेडिकल सहायता मांगी तो उसे स्टाफ की तरफ से कोई मदद नहीं मिली। जिसके बाद बेंगलुरु पहुंचकर यात्री ने इंजेक्शन लगवाया।

यह मामला मंगवार का है। एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक, यात्री अरुण मोदी भोपाल के रहने वाले है। वे इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6739 से बेंगलुरु जा रहे थे। साथ में उनकी पत्नी भी थी। फ्लाइट ने 3 बजकर 5 मिनट पर उड़ान भरी थी। इससे पहले मोदी दंपती 1 बजे हवाई अड्डा पहुंचे वे अपनी फ्लाइट का बाकि समय होने के कारण ग्राउंड फ्लोर के डिपार्चर हॉल पर इंतजार कर रहे थे। अरुण रिकलाइनर्स पर आराम कर रहे थे। इसी दौरान उनकी पेंट में एक चूहा घुस गया। 

यह भी पढ़ें: इंदौर में 3 मंजिला बिल्डिंग गिरी, 2 लोगों की मौत और 14 घायल

अरुण को जैसे ही एहसास हुआ वे हड़बड़ा गए और बाहर से चूहे को पकड़ने की कोशिश की इतने में चूहा ने उन्हें घुटने में काट लिया। इस घटना से गुस्साए दंपती ने शोर मचाया। मेडिकल टीम अरुण को मेडकल रूम ले गया हालांकि इंजेक्शन नहीं होने के कारण डॉक्टर ने उन्हें सिर्फ प्रिस्क्रिप्शन लिखकर दिया। जिसके आधार पर उन्होंने बेंगलुरू में इंजेक्शन लगाया। 

अरुण इंदौर एयरपोर्ट प्रबंधन के बर्ताव से काफी नाखुश नजर आए। उन्होंने एयरपोर्ट के मेडिल स्टाफ से टिटनेस के इंजेक्शन लगाने को कहा, जिस पर प्रबंधन ने वो भी न होने की बात की। बाद में मैनेजर के आने पर उन्हें टिटनेस का इंजेक्शन लगाया गया।
बता दें कि विगत दिनों इंदौर के सबसे बड़े एमवाय अस्पताल में चूहों का आतंक देखने को मिला था। यहां चूहों ने दो नवजातों को कुतर दिया जिससे उनकी मौत हो गई। मामला तूल पकड़ने के बाद कई मेडिकल कर्मियों को सस्पेंड भी किया गया। इसके बावजूद इंदौर में चूहों का आतंक कम नहीं हो रहा।