इंदौर में रैपिडो ड्राइवर ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, ChatGPT की मदद से पीड़िता ने की शिकायत
इंदौर में 17 वर्षीय किशोरी से रैपिडो चालक अंकित नागर ने दुष्कर्म किया। आरोपी उसे झांसा देकर कमरे पर ले गया। डरी हुई पीड़िता ने चैटजीपीटी से हेल्पलाइन नंबर निकालकर पुलिस को सूचना दी।
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक 17 वर्षीय किशोरी ने रैपिडो चालक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। रावजी बाजार थाना पुलिस ने देर रात एफआईआर दर्ज कर आरोपी अंकित नागर (22) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पीड़िता ने सीधे थाने जाने के बजाय मोबाइल पर चैटजीपीटी की मदद से महिला अपराध और चाइल्ड हेल्पलाइन के नंबर खोजे और पुलिस से संपर्क किया। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही कार्रवाई की गई और पीड़िता को समझा बुझाकर थाने लाया गया।
पुलिस के अनुसार, किशोरी ने मोबाइल एप के जरिए राजवाड़ा जाने के लिए रैपिडो बुक की थी। आरोप है कि चालक उसे उसके निर्धारित जगह पर ले जाने के बजाय सस्ते कपड़े दिलाने का झांसा देकर परदेशीपुरा की ओर ले गया। वहां एक कमरे में जबरदस्ती करने के बाद रात करीब नौ बजे शनि मंदिर के पास छोड़कर वह फरार हो गया। एक अन्य विवरण में यह भी सामने आया कि आरोपी ने बातों के जाल में फंसाकर पहले खरीदारी कराई और पैसे खत्म होने की बात कहने पर किशोरी को नेहरू नगर स्थित अपने कमरे पर ले गया।
यह भी पढ़ें:वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते MP में मौसम ने ली करवट, कई जिलों में ओलावृष्टी और बारिश का दौर
आरोपी मूलत: राजगढ़ का रहने वाला है और इंदौर के नेहरू नगर में दोस्तों के साथ किराये के कमरे में रहकर बीए की पढ़ाई कर रहा था। वह जेब खर्च के लिए पार्ट टाइम रैपिडो चला रहा था। थाना प्रभारी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने महज आठ दिन पहले ही रैपिडो का काम शुरू किया था। पुलिस ने कंपनी को नोटिस जारी कर यह जांच शुरू कर दी है कि आरोपी का पुलिस वेरिफिकेशन कराया गया था या नहीं।
मामले की जांच के दौरान कई विरोधाभास भी सामने आए हैं। जांच से जुड़े अफसरों का कहना है कि पीड़िता थाना क्षेत्र के पास रहती ह इसके बावजूद उसने तत्काल कॉल नहीं किया और न ही परिजनों को तुरंत घटना की जानकारी दी। पीड़िता के मोबाइल में रैपिडो बुकिंग की हिस्ट्री डिलीट मिली है। हालांकि, टीआई उमेश यादव के अनुसार पीड़िता ने बुकिंग के स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखे थे जिनके आधार पर आरोपी तक पहुंचा जा सका।
यह भी पढ़ें:MP: मुलताई में नहर की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन, नहर नहीं तो जहर दो के नारे लगाए
पुलिस का दावा है कि महिला पुलिस की मौजूदगी में दर्ज बयान में पीड़िता ने दुष्कर्म की पुष्टि की है। नाबालिग होने के कारण आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बलात्कार की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। शुरुआती पूछताछ में पीड़िता और आरोपी के बयानों में अंतर होने की बात भी सामने आई है जिसे लेकर पुलिस घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने की बात कह रही है।




