MP Election 2023: इंदौर में अमित शाह की बैठक अचानक निरस्त, नाराज नेताओं को मनाने के लिए बुलाई थी बैठक

गृहमंत्री अमित शाह की समझाइश के एक दिन बाद ही जबलपुर BJP के जिलाध्यक्ष प्रभात साहू ने पद से दिया था इस्तीफा, अब इंदौर की बैठक निरस्त

Updated: Oct 30, 2023, 11:24 AM IST

इंदौर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। उनकी समझाइश के एक दिन बाद ही जबलपुर BJP के जिलाध्यक्ष प्रभात साहू ने पद से इस्तीफा दे दिया। भारी विरोध के बीच अब शाह ने इंदौर में होने वाली संभागीय भाजपा की बैठक निरस्त कर दी है। यह बैठक नाराज नेताओं को मनाने के लिए बुलाई गई थी।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार सुबह ही उज्जैन से इंदौर पहुंचे हैं। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश प्रभारी हितानंद शर्मा भी हैं। शाह यहां इंदौर संभाग के सभी 9 संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारियों, 37 सीटों के विधानसभा प्रभारी और वहां भेजे गए प्रवासी विधायकों को सुबह 11.30 बजे बैठक के लिए बुलाया था। हालांकि, अचानक उन्होंने व्यस्तता का हवाल देकर बैठक निरस्त कर दिया।

यह भी पढ़ें: MP Elections 2023: कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की अमित शाह की शिकायत, अधिकारियों को धमकाने का आरोप

भाजपा के संभागीय प्रवक्ता आलोक दुबे ने बताया कि ये बैठक कब होगी अभी तय नहीं है। शाह इंदौर से अब ग्वालियर जाने की तैयारी में हैं। गृहमंत्री की बैठक अचानक निरस्त होने के बाद तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक संभागीय पदाधिकारियों की भारी नाराजगी को देखते हुए बैठक को रद्द कर दिया गया है। सूत्र यह भी बता रहे हैं कि कई जिलों के नेताओं ने तो बैठक में आने तक से मना कर दिया था।

दरअसल, टिकट वितरण के बाद से भाजपा में घमासान मची हुई है। गृहमंत्री अमित शाह अंतर्कलह रोकने के लिए मध्य प्रदेश पहुंचे थे। यहां उन्होंने जबलपुर में पहली बैठक की और नाराज दावेदारों को समझाने की कोशिश की। हालांकि, शाह की इस बैठक के बाद विरोध कम होने के बजाए और बढ़ गया। शाह की समझाइश के अगले ही दिन जबलपुर शहर के जिलाध्यक्ष प्रभात साहू ने पद से इस्तीफा दे दिया।

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: दतिया में मां पीतांबरा की प्रार्थना से शुरूआत, कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन और रैली में शामिल होंगे दिग्विजय सिंह

प्रभात साहू भी जबलपुर पश्चिम सीट से दावेदार थे। दूसरी सूची में यहां से राकेश सिंह को प्रत्याशी बना दिया गया। शाहू ने इस्तीफा देने के बाद मीडिया से कहा कि पिछले दिनों पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़ करने वालों को अमित शाह से मिलवाया गया, जबकि इन पर कार्रवाई की जानी थी। घटनाक्रम के लिए मुझे दोषी बना दिया गया। बहुत ज्यादा आहत हूं।

गृहमंत्री शाह ने दूसरी संभागीय बैठक रविवार देर रात भोपाल में ली थी। इस दौरान अधिकारियों को धमकाने वाला मामला प्रकाश में आया और कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से गृहमंत्री शाह की शिकायत की है। कांग्रेस शाह के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की भी मांग कर रही है। जबलपुर के बाद भोपाल की बैठक भी विवादों में घिर गई। ऐसे में अब शाह ने इंदौर में होने वाली तीसरी बैठक को निरस्त कर दिया है।