बागेश्वर धाम में फिर हुआ हादसा, दीवार गिरने से एक महिला की मौत, 10 श्रद्धालु घायल

बागेश्वर धाम में रात करीब 3 बजे धर्मशाला की दीवार ढह गई। मलबे में दबने से उत्तर प्रदेश निवासी महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 10 घायल हुए हैं।

Updated: Jul 08, 2025, 11:46 AM IST

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक धर्मशाला की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि 10 अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं। इनमें 7 लोग उत्तर प्रदेश, एक उत्तराखंड जबकि दो पश्चिम बंगाल के हैं। 4 घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे धर्मशाला की दीवार ढह गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं कई लोगों की हालत गंभीर है।

मृतक महिला की पहचान अनीता देवी खरवार (40) पत्नी राजू के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के अदलहाट गांव की रहने वाली थी। परिजन ने बताया कि वे धर्मशाला में सो रहे थे, अचानक दीवार भरभराकर उनके ऊपर आ गिरी।

अधिकारियों ने बताया कि दीवार गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजन को शासन की ओर से मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, छतरपुर जिला अस्पताल के सीएमएचओ आरपी गुप्ता ने कहा- 4 घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है। 6 को माइनर इंजरीज हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में ही चल रहा है।

बता दें कि इससे पहले 3 जुलाई को भी बागेश्वर धाम परिसर में ही टेंट गिर गया था। लोहे का एंगल सिर में लगने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई थी जबकि भगदड़ में 8 लोग घायल हुए थे।