मुरैना में नगर परिषद उपाध्यक्ष के पति ने गोली मारकर की आत्महत्या, मौत से पहले पार्षदों से मांगी थी माफी
मुरैना के कैलारस में नगर परिषद उपाध्यक्ष सीमा राणावत के पति अशोक राणावत ने फार्म हाउस पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उन्होंने पार्षदों और कर्मचारियों से माफी मांगी तथा एक दोस्त को भावुक संदेश भेजा।
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के कैलारस में नगर परिषद की उपाध्यक्ष सीमा राणावत के पति अशोक राणावत ने अपने फार्म हाउस पर कथित तौर पर 12 बोर के देशी कट्टे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और रविवार को परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, अशोक राणावत रविवार दोपहर अपने एक साथी के साथ रोज की तरह फार्म हाउस पहुंचे थे। वहां पहुंचने के कुछ समय बाद उन्होंने अपने दोस्त और बटाईदार मटरे कुशवाह को शराब लाने के लिए बाजार भेज दिया। बताया जा रहा है कि उन्होंने कई साल पहले शराब पीना छोड़ दिया था। इसलिए शराब मंगवाने की बात से साथी भी हैरान था।
घटना से पहले अशोक राणावत ने अपने करीबी लोगों से बातचीत के दौरान कहा था कि पिछले दो साल में उनके तीन चचेरे भाइयों की मौत हो चुकी है और हाल ही में बीमारी के कारण उनके भतीजे का भी निधन हुआ है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष के पति और भाजपा नेता ब्रजेश बंसल के सामने एक मंदिर बनवाने की इच्छा भी जताई थी।
जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे उन्होंने नगर परिषद के कुछ पार्षदों और कर्मचारियों को फोन कर कहा कि यदि उनसे जाने-अनजाने में कोई गलती हुई हो तो वे उन्हें माफ कर दें। इसके कुछ समय बाद उन्होंने अपने सिर में गोली मार ली। जब उनका साथी शराब लेकर वापस फार्म हाउस पहुंचा तो अशोक राणावत खून से लथपथ जमीन पर पड़े मिले। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कैलारस थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस उनके मोबाइल फोन और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह सामने आ सके।
कैलारस थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि अशोक राणावत ने अपने फार्म हाउस पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। घटना से पहले उन्होंने अपने साथी को बाजार भेजा था। मामले में मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि अशोक राणावत ने अपने मित्र सियाराम सिंह को एक संदेश भेजा था। जिसमें उन्होंने लिखा था कि तुम, काका सूबेदार सिंह, ब्रजेश, बेटे विनायक और विवेक का ध्यान रखना। पुलिस इस संदेश को भी जांच का हिस्सा मानकर पड़ताल कर रही है।
परिजनों के अनुसार, पिछले दो सालों के दौरान अशोक राणावत के तीन चचेरे भाई मुक्तेश्वर राणावत, महेंद्र राणावत और महेश राणावत का निधन हो चुका था। इसके अलावा हाल ही में उनके भतीजे की भी बीमारी से मौत हुई थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन घटनाओं का उनके मानसिक तनाव से कोई संबंध था या नहीं।




