किसी भी कार्यकर्ता पर होने वाला जुल्म, पूरी पार्टी के ऊपर हमला है, सलमान हत्याकांड पर बोले कमलनाथ
दिग्विजय सिंह और कांग्रेस के विधायक तथा कार्यकर्ता खजुराहो में थाने के सामने धरने पर बैठे हैं, लेकिन पुलिस कोई कार्यवाही नहीं कर रही है। क्या हम मान लें कि मध्य प्रदेश में कानून का राज नहीं है: कमलनाथ

भोपाल। मध्य प्रदेश के छतरपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान खान की हत्या मामले में पार्टी आरपार की लड़ाई के मूड में नजर आ रही है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह सत्याग्रह पर बैठे हैं। सिंह ने साफ कह दिया है कि जबतक सलमान के हत्यारों को गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता वे नहीं उठेंगे। हालांकि, इसके बावजूद पुलिस का रवैया बेहद उदासीन है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने इस मामले में सवाल उठाते हुए पूछा की क्या प्रदेश में कानून का राज नहीं है?
कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'छतरपुर जिले की राजनगर विधानसभा में कांग्रेस कार्यकर्ता की नृशंस हत्या की गई। हत्या का आरोप भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटैरिया और उनके सहयोगियों पर है। घटना को दो दिन बीत चुके हैं लेकिन अब तक ना तो वे वाहन जब्त किए गए, जिससे कुचलकर कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान की हत्या की गई और ना ही हत्या आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और कांग्रेस के विधायक तथा कार्यकर्ता खजुराहो में थाने के सामने धरने पर बैठे हैं, लेकिन पुलिस कोई कार्यवाही नहीं कर रही है।'
छतरपुर जिले की राजनगर विधानसभा में कांग्रेस कार्यकर्ता की नृशंस हत्या की गई। हत्या का आरोप भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटैरिया और उनके सहयोगियों पर है। घटना को दो दिन बीत चुके हैं लेकिन अब तक ना तो वे वाहन जब्त किए गए, जिससे कुचलकर कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान की हत्या की गई और ना ही…
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) November 19, 2023
कमलनाथ ने आगे लिखा, 'क्या हम मान लें कि मध्य प्रदेश में कानून का राज नहीं है? आखिर कौन है जो हत्यारों को बचा रहा है और किसके इशारे पर पुलिस और प्रशासन चुप्पी साध कर बैठा है? मैं कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि पूरी पार्टी एक-एक कार्यकर्ता के पीछे खड़ी है। किसी भी कार्यकर्ता पर होने वाला जुल्म, पूरी पार्टी के ऊपर हमला है। हम एकजुट होकर इस अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करेंगे और न्याय दिलाकर रहेंगे। जो अन्याय के साथ खड़े हैं, उन्हें भी इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।'
बता दें कि दिग्विजय सिंह ने शनिवार दोपहर खजुराहो में मृतक के घर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। इसके साथ ही दिग्विजय सिंह वहीं पर धरने पर बैठ गए। जब प्रशासन ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की अरविंद पटेरिया की तुरंत गिरफ्तारी की बात नहीं मानी तो देर शाम मृतक सलमान का शव लेकर वे खजुराहो थाने पहुंच गए और वही कार्यकर्ताओं के साथ सत्याग्रह शुरू कर दिया। दिग्विजय सिंह का सत्याग्रह अभी भी जारी है।
दिन के 12 बजनेवाले हैं। कल से लेकर अब तक क़रीब 24 घंटे। लेकिन प्रशासन ने कोई एक्शन नहीं लिया। न गवाहों का बयान और न ही आरोपियों की गिरफ़्तारी। @INCMP @OfficeOfKNath @DGP_MP pic.twitter.com/QPqLoy9QXO
— digvijaya singh (@digvijaya_28) November 19, 2023
पूर्व मुख्यमंत्री सिंह का कहना है कि इससे ज्यादा क्रूर हत्या नहीं देखी। मृतक कांग्रेस कार्यकर्ता के शरीर को कई गाड़ियां रौंदती हुई निकलीं। परिवार गिरफ्तारी तक सलमान को दफनाने को तैयार नहीं है। हम कार्यकर्ता के परिवार के साथ एकजुटता दिखाने के लिए थाने के बाहर बैठे हैं। और जबतक पीड़ित परिवार के साथ न्याय नहीं किया जाता हम यहां से नहीं उठेंगे।