फासीवादी ताकतों से लड़ने के लिए भोलेनाथ शक्ति दें, हजारों शिवभक्तों के साथ अरुण यादव ने शुरू की आस्था यात्रा

92 किलोमीटर से अधिक की यह कावड़ यात्रा कसरावद विधानसभा क्षेत्र के 37 ग्रामों से होते हुए नर्मदा नदी के तट पर स्थित भोंईदा ग्राम के 11 शिवलिंगी महादेव आश्रम पर 7 अगस्त को समाप्त होगी।

Updated: Aug 02, 2023, 05:31 PM IST

खरगोन। विधानसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने कमर कस ली है। कांग्रेस के सभी सीनियर नेता प्रदेशभर में दौरे कर रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने खरगोन जिले में हजारों शिवभक्तों के साथ आस्था कांवड़ यात्रा की शुरुआत की। यादव ने भगवान शिव के पूजन और अभिषेक के बाद कहा कि भोलेनाथ हमें फासीवादी शक्तियों से मुकाबला करने की ताकत दें।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव व कांग्रेस विधायक सचिन यादव के नेतृत्व में खरगोन जिले के सगूर भगूर स्थित मॉ बाघेश्वरी धाम से आस्था यात्रा की शुरुआत हुई। इस यात्रा में कांग्रेस दिग्गजों के साथ हजारों की संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। इस दौरान भगवान शिव के उद्घोष से माहौल भक्तिमय दिखा। 92 किमी से अधिक की यह पदयात्रा कसरावद विधानसभा क्षेत्र के 37 गांव से होते हुए नर्मदा किनारे भोईन्दा कठोरा में 11 शिवलिंगी महादेव आश्रम पर 7 अगस्त को समाप्त होगी।

भगवान शिव की भक्ति से ओतप्रोत आस्था यात्रा में पदयात्रा कर रहे हजारों शिवभक्तों के साथ अरूण यादव और सचिन यादव का ग्राम सगूर भगूर, बलखड़िया और रेहगॉव में अभूतपूर्व स्वागत हुआ। ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर आस्था यात्रियों के साथ भगवान शिव का जयघोष किया। अरूण यादव और सचिन यादव का ग्रामीण महिलाओं ने भी तिलक लगाकर, श्रीफल भेंट कर स्वागत किया।।इस आस्था यात्रा में निमाड़ अंचल के सभी जिलों के शिवभक्तों ने भी अपनी सहभागिता की। आस्था यात्रा में भगवान शिव की झॉकी भी आकर्षण का केन्द्र बनी रही।

यात्रा के शुरुआत में अरूण यादव ने ग्राम सगूर भगूर में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि देश की फासीवादी ताकतों को नेस्तनाबूत करने के लिए भगवान भोलेनाथ हम सभी को शक्ति प्रदान करें ताकि देश के भाईचारे को हम कायम रख सकें। प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री और विधायक सचिन यादव ने मीडिया से कहा कि भगवान भोलेनाथ देश का चहुॅमुखी विकास करें। अन्नदाता खुशहाल हो। नौजवान तरक्की करें। देश, प्रदेश और निमाड़ अंचल में समृद्धि और खुशहाली हो।  

आस्था यात्रा बलखड़िया होते हुए दोपहर में रेहगांव पहुंची। यहां पर दोपहर भोज के लिए आस्था यात्रा का अल्प विराम हुआ। यहां पर ग्रामीणों ने मेजबानी कर आस्था यात्रियों को उत्साहपूर्वक दोपहर का भोज कराया। पहले दिन लगभग 22 किमी का पैदल सफर तय करते हुए यह आस्था यात्रा अंदड़, मछलगांव, अदलपुरा बडिया फाटे से होते हुए बिटनेरा पहुंची। बिटनेरा में आस्था यात्रियों का भोज और रात्रि विश्राम होगा। गुरूवार को सुबह यह आस्था यात्रा बिटनेरा से प्रारंभ होगी और इसका विश्राम बोरावां में होगा।