महिला विरोधी बयान देकर घिरे कैलाश विजयवर्गीय, बेशरम की टहनियां भेंट करने पहुंची दर्जनों महिलाएं

हाथों में बेशरम की टहनियां लेकर विभा पटेल के नेतृत्व में महिलाओं ने किया विजयवर्गीय के खिलाफ प्रदर्शन, लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहनों का अपमान नहीं सहेंगे जैसे नारे लगाएं

Updated: Apr 08, 2023, 06:46 PM IST

भोपाल। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय महिलाओं को लेकर ओछी टिप्पणी कर चौतरफा घिरे हुए हैं। कपड़ों को लेकर महिला विरोधी बयानबाजी मामले में देशभर में उनकी आलोचना हो रही है। राजधानी भोपाल की महिलाओं में भी इस बयान को लेकर आक्रोश देखने को मिला। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल के नेतृत्व में दर्जनों महिलाएं बेशरम की टहनियां लेकर सड़कों पर नजर आईं।

शनिवार को राजधानी की महिलाएं कैलाश विजयवर्गीय के विधायक पुत्र आकाश विजयवर्गीय के सरकारी आवास पर बेशरम के फूल लेकर पहुंची। इस दौरान उन्होंने लाडली लक्ष्मी और लाड़ली बहनों का अपमान नहीं सहेंगे जैसे नारे लगाएं। बेशरम के फूल के साथ ही महिला नेत्रियों ने विजयवर्गीय के आवास पर रतलाम में बीजेपी द्वारा हनुमान जी के सामने की गई अश्लीलता की तस्वीरें भी भेंट कीं।

यह भी पढ़ें: लड़कियां गंदे कपड़े पहनकर निकलती हैं तो सूर्पनखा लगती हैं : कैलाश विजयवर्गीय

इस दौरान भोपाल की पूर्व महापौर विभा पटेल ने कहा कि स्वयं आप को मध्य प्रदेश में लाड़ली किशोरियों का मामा और लाड़ली बहनों का भाई कहने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के राज में भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने महिलाओं का अपमान किया है। अगर उनमें तनिक भी शर्म है तो वह माफी मांगें। विजयवर्गीय का ये बयान प्रदेश की तमाम लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहनों समेत नारी जाति के खिलाफ होकर घोर निंदनीय है। 

विभा पटेल ने कहा कि, 'विजयवर्गीय ने महिलाओं के पहनावे पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है, उनकी तुलना शूर्पनखा से करना अत्यंत अशोभनीय, अनुचित, शर्मनाक और दूषित मानसिकता का परिचायक है। ऐसे गंभीर विषय पर प्रदेश की लाड़लियों के मामा और खुद को लाड़ली बहनों का भाई बताने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की चुप्पी पर भी हैरान करने वाली है।'

यह भी पढ़ें: दफ्तर दरबारी: बदनाम हुए आईएएस अफसरों को सरकार ने दिया तोहफा

विभा पटेल ने आरोप लगाते हुए कहा कि शिवराज सिंह चौहान सरकार के 19 वर्ष के कार्यकाल में मध्य प्रदेश महिला अत्याचार, बलात्कार, अपहरण के मामलों में देश में शीर्ष स्थान पर है। प्रदेश में अबोध बच्चियों से लेकर बुजुर्ग महिला तक सुरक्षित नहीं हैं। अब प्रदेश की तमाम लाड़ली बहनें वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव और वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएंगी।