बैतूल-इंदौर हाईवे पर JAYS का बड़ा प्रदर्शन, भाजी नदी पर पुल बनाने की मांग को लेकर किया चक्काजाम

जयस कार्यकर्ता बोडरैय्यत भाजी नदी पर पुल निर्माण, ग्राम आलमगढ़ सेमलडोल पहुंच मार्ग एवं पुलिया, गवासेन से महुकाल तक रोड निर्माण व अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

Updated: Sep 11, 2023, 06:52 PM IST

बैतूल। बैतूल-इंदौर हाईवे पर सोमवार को जयस का बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। बैतूल से 65 किमी दूर जयस कार्यकर्ताओं ने हाई-वे पर चक्काजाम कर दिया है। वे बोड रैय्यत गांव के पास बहने वाली भाजी नदी पर पुल बनाने की मांग कर रहे हैं। चक्काजाम से बैतूल और इंदौर की ओर जाने वाले वाहनों के पहिए थम गए हैं, दोनों ओर लगभग दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है।

दरअसल, जयस समेत और समस्त आदिवासी संगठनों ने अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन करने की चेतावनी दी थी। जिसके बाद आज जयस के सैकड़ों कार्यकर्ता हाई-वे पर पहुंच गए। उन्होंने नेशनल हाईवे के आमापुरा जोड़ पर चक्का जाम करते हुए आंदोलन शुरू कर दिया है। महिला-पुरुष कार्यकर्ता हाईवे पर धरना देते हुए सड़क जाम कर बैठ गए हैं। जिससे मार्ग के दोनो ओर यातायात लगभग पूरी तरह से अवरुद्ध हो चुका है। 

प्रदर्शन शुरू होने के बाद मौके पर पुलिस प्रशासन एवं प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे। वे देर शाम तक आंदोलनकारियों को समझाइश देने का प्रयास करते रहे। प्रदर्शन के कारण हाइवे पर दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। प्रदर्शनकारी जयस कार्यकर्ता बोडरैय्यत भाजी नदी पर पुल निर्माण, ग्राम आलमगढ़ सेमलडोल पहुंच मार्ग एवं पुलिया, गवासेन से महुकाल तक रोड निर्माण, टांगनामाल से बिजादेही मार्ग पर पुलिया निर्माण, चंडी दरबार गोधना से दलिया पहुंच मार्ग बनाने की मांग कर रहे हैं। 

बताया जा रहा है कि इसके पहले जयस ने अपने आज के आंदोलन को लेकर पहले से चेतावनी जारी की थी। उन्होंने गांव-गांव जाकर पैंपलेट भी बांटे थे। जिसके तहत आमापुरा जोड़ NH59 A पर लोगों को प्रदर्शन के लिए बुलाया था। 1 साल पहले भी आमापुरा जोड़ पर जयस ने भाजी नदी पर ब्रिज बनाने की मांग को लेकर आंदोलन किया था। लेकिन तब भी शासन ने इसे नजर अंदाज कर दिया था। ऐसे में जयस ने आज फिर प्रदर्शन शुरू कर दिया है।