अशोकनगर में भाजपा नेता की गुंडागर्दी, युवक को जमीन पर पटककर पीटा, वीडियो वायरल

मध्य प्रदेश के अशोकनगर में भाजपा नेता और बड़ेरा सरपंच बली सिंह लोधी ने रविवार शाम बृजकिशोर यादव की बेरहमी से पिटाई कर दी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चंदेरी थाने में शिकायत दर्ज हुई है

Updated: Feb 09, 2026, 06:20 PM IST

अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी क्षेत्र में भाजपा नेता की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। बड़ेरा गांव के सरपंच और भाजपा नेता बली सिंह लोधी पर गांव के ही एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित युवक ने चंदेरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, आरोपी नेता ने भी अपने साथ मारपीट होने का दावा किया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 6 बजे बड़ेरा गांव के रहने वाले 34 वर्षीय बृजकिशोर यादव पुत्र खलक सिंह यादव बड़ेरा चौराहे पर बैठे हुए थे। इसी दौरान भाजपा नेता और गांव के सरपंच बली सिंह लोधी वहां पहुंचे और कथित रूप से उन्हें गालियां देने लगे। जब बृजकिशोर ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनकी गर्दन पकड़ ली जिससे उन्हें चोट भी आई।

यह भी पढ़ें:बुढ़ापे में गले की फांस बना जवानी का गुनाह, 100 रुपए के गेहूं चोरी मामले में 45 साल बाद गिरफ्तारी

आरोप है कि इसके बाद बली सिंह बृजकिशोर को पास स्थित एक ढाबे के पीछे मेटी के किनारे ले गए। वहां उन्होंने युवक को जमीन पर पटक दिया और उसके मुंह व छाती पर लात घूंसों से हमला किया। पीड़ित के मुताबिक, मारपीट के दौरान उसे कई जगह अंदरूनी चोटें आई हैं। पूरी घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो बना लिया जो अब सामने आया है। घटना को लेकर पीड़ित ने चंदेरी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है।

वहीं, आरोपी भाजपा नेता और सरपंच बली सिंह लोधी ने आरोपों से इतर अपना पक्ष रखते हुए दावा किया है कि उनके साथ भी मारपीट की गई है। उन्होंने कहा कि जो वीडियो वायरल हुआ है वह उस समय का है जब वह युवक को पीट रहे थे लेकिन इससे पहले उनके साथ भी मारपीट हुई थी। बली सिंह ने बताया कि इस घटना में उनकी एक उंगली में चोट आई है और उनके कान के पर्दे में भी समस्या हो गई है। उन्होंने बताया कि उनकी तबीयत खराब होने के कारण पहले चंदेरी से जिला अस्पताल और वहां से भोपाल रेफर किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने भी थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।

यह भी पढ़ें:गुना जिला अस्पताल की शर्मनाक तस्वीर, शराब के नशे में इमरजेंसी संभाल रहा था डॉक्टर

बली सिंह लोधी इससे पहले भी विवादों के चलते चर्चा में रह चुके हैं। कुछ समय पहले चंदेरी के कांग्रेस के पूर्व विधायक गोपाल सिंह चौहान के साथ उनकी बातचीत सुर्खियों में आई थी। उस दौरान गोपाल सिंह चौहान किसी पुराने विवाद का जिक्र करते हुए लोगों के बीच यह कहते सुनाई दिए थे कि यदि बली सिंह को हाथ लगाया तो एक-एक गोली से छह छह यादव मारे जाएंगे। इस बयान के बाद विवाद बढ़ गया था। जिस पर पूर्व विधायक ने वीडियो जारी कर यादव समाज से हाथ जोड़कर माफी मांगी थी और कहा था कि बातचीत के दौरान उनसे यह शब्द गलती से निकल गए थे।