गुना जिला अस्पताल की शर्मनाक तस्वीर, शराब के नशे में इमरजेंसी संभाल रहा था डॉक्टर

गुना जिला अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अजय सिंह राठौर का शराब के नशे में वीडियो वायरल हुआ है। प्रबंधन ने तुरंत एक्शन लेते हुए डॉक्टर को 7 दिन के लिए हटा दिया है।

Updated: Feb 09, 2026, 02:15 PM IST

गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिला अस्पताल में लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अजय सिंह राठौर का शराब के नशे में होने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डॉक्टर को सात दिन के लिए ड्यूटी से हटा दिया है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, यह वीडियो बताया जा रहा है रविवार देर रात का। इसमें डॉक्टर अजय सिंह राठौर स्पष्ट रूप से नशे की हालत में नजर आ रहे हैं। वीडियो में उनकी जुबान लड़खड़ाती दिख रही है और वह मरीज से संबंधित सामान्य जानकारी देने में भी असमर्थ दिखाई दे रहे हैं। जब उन्हें मरीज का पर्चा दिया गया तो वह उसे पढ़ तक नहीं पाए और यह भी नहीं बता सके कि संबंधित मरीज अस्पताल में किस वार्ड में भर्ती है।

यह भी पढ़ें:अगर डॉक्टर ने लिवर के लिए लिखी Liv 52 दवा, तो हो जाएं सावधान

वीडियो में मौजूद लोग डॉक्टर से मरीज के बारे में सवाल करते दिखाई देते हैं। इस दौरान डॉक्टर उल्टा वीडियो बनाने वाले व्यक्ति को ही मरीज बताते हुए कहते हैं कि उसे दिल में जलन की समस्या है। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया जो बाद में सामने आया।

बताया जा रहा है कि घटना के समय डॉक्टर अजय सिंह राठौर की ड्यूटी जिला अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट में लगी हुई थी। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन तुरंत मौके पर पहुंचा और डॉक्टर को ड्यूटी से हटाकर घर भेज दिया गया। अस्पताल के कुछ कर्मचारियों ने यह भी दावा किया है कि संबंधित डॉक्टर अक्सर शराब के नशे में ही अस्पताल पहुंचते थे।

यह भी पढ़ें:MP: सीधी में BJP नेता की गुंडागर्दी, बीच बाजार महिला को बेरहमी से पीटा

मामले को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर ने बताया कि डॉक्टर अजय सिंह राठौर को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही उन्हें सात दिनों के लिए ड्यूटी से हटा दिया गया है। पूरे मामले की जांच के लिए डॉ. आर.एस. भाटी के नेतृत्व में जांच समिति गठित की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच टीम की रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टर के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।