इंदौर में समोसे के अंदर मिला मरा कॉकरोच, युवक ने CM हेल्पलाइन पर दर्ज कराई शिकायत

इंदौर के पीयूष मौर्य ने जब रतलाम नमकीन दुकान से गरमा-गरम समोसा खाया तो उसमें मरा हुआ कॉकरोच निकला। दुकानदार के गैर-जिम्मेदाराना रवैये पर युवक ने वीडियो बनाकर खाद्य विभाग और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है

Updated: Aug 10, 2026, 04:07 PM IST

इंदौर। बारिश से बचने के लिए रुके एक युवक ने जब चिकमंगलूर चौराहे के पास से गरमा-गरम समोसा खरीदा तो उसका स्वाद कुछ ही सेकंड में हैरानी में बदल गया। समोसे का एक टुकड़ा खाते ही युवक को उसके अंदर मरा हुआ कॉकरोच दिखाई दिया। घटना सोमवार को श्रम शिविर के पास स्थित रतलाम नमकीन की दुकान की बताई जा रही है। युवक ने तुरंत समोसे और उसमें मिले कॉकरोच का वीडियो बनाया और दुकानदार को इसकी जानकारी दी। मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन और खाद्य सुरक्षा प्रशासन से की गई है।

इंदौर निवासी पीयूष मौर्य के मुताबिक, बारिश के दौरान उन्होंने दुकान से समोसा लिया था। समोसा गरमा-गरम होने के कारण उन्होंने वहीं उसका एक हिस्सा खाया। इसी दौरान उनकी नजर समोसे की परत के भीतर पड़े मरे हुए कॉकरोच पर गई। इसके बाद उन्होंने मौके पर ही उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

यह भी पढ़ें:भोपाल के VIP इलाके भी सुरक्षित नहीं, पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के बंगले में चोरी

पीयूष ने जब दुकानदार को समोसे में कॉकरोच मिलने की बात बताई तो दोनों के बीच कुछ देर बहस हुई। युवक का आरोप है कि दुकानदार ने इसे गलती बताते हुए कहा कि कॉकरोच अनजाने में समोसे में चला गया होगा। दुकानदार ने कथित तौर पर यह भी कहा कि वीडियो बनाना है तो बना लो इंसान से गलती हो जाती है और इसे जानबूझकर नहीं डाला गया है।

मामला बढ़ने पर दुकानदार ने शिकायत करने की बात कही। इसके बाद पीयूष ने खाद्य विभाग में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जानकारी सीएम हेल्पलाइन तक भी पहुंचाई गई है। शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन की ओर से कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

यह भी पढ़ें:भोपाल जिला अदालत में न जज पूरे न कोर्टरूम, 1.50 लाख केस पेंडिंग, 46 पद खाली

समोसे के अंदर कॉकरोच मिलने की घटना के बाद दुकान में खाद्य सामग्री तैयार करने, रखने और उसकी साफ-सफाई की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। बारिश के मौसम में नमी बढ़ने के कारण खाद्य पदार्थों के रखरखाव और आसपास की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है। ऐसे में शिकायत सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच और संभावित कार्रवाई पर नजर रहेगी।